रियाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां रविवार को टाटा कंसल्टेंसी सर्विस द्वारा स्थापित एक महिला आईटी सेंटर का दौरा करने के बाद कहा कि यह सऊदी अरब की शान है।
सऊदी अरब की यात्रा के अंतिम दिन अपने दो कार्यक्रमों में पहले के दौरान मोदी ने कहा, “मैं उन पेशेवरों से मिल रहा हूं, जो अब सऊदी अरब की शान हैं।”
उन्होंने कहा, “मैं यहां जिस माहौल को देख रहा हूं, उसमें दुनियां को कड़ा जवाब देने का दम है।”
महिला सेंटर के कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। कुछ कर्मचारियों ने प्रधानमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।
यह सेंटर तीन साल पहले 80 कर्मचारियों के साथ शुरू किया गया था, लेकिन आज उनकी संख्या बढ़कर 1000 हो गई है।
यह सऊदी अरब में दुनिया की किसी कंपनी द्वारा खोला गया पहला बीपीओ है। इसकी खासियत है कि केवल महिलएं ही इसका संचालन करती हैं।
मोदी तीन देशों की अपनी पांच दिवसीय यात्रा के तीसरे और अंतिम पड़ाव में सऊदी अरब पहुंचे हैं। वह इसके पहले बेल्जियम और अमेरिका दौरे पर थे।
बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में उन्होंने 13वें भारत-यूरोपीय संघ(ईयू) शिखर सम्मेलन में भाग लिया था और बेल्जियम के प्रधानमंत्री चार्ल्स माइकल के साथ द्विपक्षीय वार्ता की थी। इसके बाद उन्होंने वाशिंगटन में आयोजित परमाणु सुरक्षा शिखर सम्मेलन में शिरकत की थी। इस शिखर सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रपति बराक ओबामा ने किया था।
2010 में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सऊदी की यात्रा के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इस तेल संपन्न खाड़ी देश की पहली यात्रा है।
रविवार को राजदरबार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का औपचारिक स्वागत हो रहा है। सऊदी अरब के सुल्तान सलमान बिन अब्दुलअजीज अल सऊद ने प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में भोज आयोजित किया है।
भोज के बाद दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी और समझौतों पर भी हस्ताक्षर होंगे।
ऐसा माना रहा है कि मोदी की सऊदी यात्रा से दोनों देशों के बीच वर्तमान सामरिक भागीदारी और विस्तृत होगी।
प्रधानमंत्री मोदी रविवार को देर दोपहर बाद स्वदेश रवाना हो जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath