महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सुषमा के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्रियों -शिवराज सिंह चौहान और वसुंधरा राजे- के इस्तीफे की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।

राष्ट्रीय राजधानी में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने के बाद महिला प्रदर्शनकारियों ने अपना विरोध जताने के लिए संसद तक मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने मध्य प्रदेश के व्यापमं घोटाला, ललित मोदी मामला, भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।

सुषमा और राजे आईपीएल के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ संबंधों के कारण कांग्रेस के निशाने पर हैं, जबकि शिवराज सिंह व्यापमं घोटाला मामले के कारण विवादों में हैं। उल्लेखनीय है कि ललित मोदी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की जांच चल रही है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की प्रमुख शोभा ओझा ने कहा, “2014 के आम चुनाव के पहले नरेंद्र मोदीजी ने भ्रष्टाचार रोकने, महंगाई को काबू करने, महिलाओं पर अत्याचार बिल्कुल बर्दाश्त न करने के वादे किए थे। लेकिन अब इन सभी मुद्दों से उन्होंने यू-टर्न ले लिया है। हम भ्रष्टाचार और कदाचार के मामलों में लिप्त सभी भाजपा नेताओं के इस्तीफे की मांग करते हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493