नेपियर, 24 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गुरुवार को मैक्लीन पार्क पर खेले गए पहले वनडे मैच में न्यूजीलैंड को नौ विकेट से हराकर तीन वनडे मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड और भारतीय टीम के बीच दूसरा वनडे मैच माऊंट माउंगानुई में 29 जनवरी को खेला जाएगा।
मैक्लीन में खेले गए पहले मैच में भारतीय टीम की जीत में स्मृति मंधाना (105) के शतक और जेमिमाह रोड्रिगेज (81) की नाबाद अर्धशतकीय पारी के साथ-साथ पूनम यादव और एकता बिष्ट की गेंदबाजी ने भी अहम भूमिका निभाई।
भारतीय टीम ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मेहमान टीम की गेंदबाजों के आगे कमजोर नजर आई न्यूजीलैंड की पारी 192 रनों पर ही सिमट गई।
इस पारी में मेजबान टीम के लिए सूजी बेट्स ने सबसे अधिक 36 रन बनाए। कप्तान एमी सैटर्टवैट ने 31 रन बनाए। इसके अलावा, टीम की कोई भी बल्लेबाज खास योगदान नहीं दे पाई।
भारतीय टीम के लिए एकता ने 32 रन देकर और पूनम ने 42 रन देकर तीन-तीन विकेट हासिल किए। दीप्ति शर्मा को दो और शिखा पांडे को एक सफलता हाथ मिली।
न्यूजीलैंड टीम की ओर से मिले 193 रनों के लक्ष्य को भारतीय टीम ने मंधाना और रोड्रिगेज की शानदार बल्लेबाजी से केवल एक विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
मंधाना और रोड्रिगेज ने 190 रनों की शानदार साझेदारी की और वे दोनों ही भारतीय टीम को जीत के लक्ष्य तक पहुंचा सकती थीं लेकिन इसी स्कोर पर एमीलिया कैर ने मंधाना को ली ताहुहु के हाथों कैच आउट करा दिया।
इसके बाद भारतीय टीम को जीत के लिए केवल तीन रनों की दरकार थी, जिसे रोड्रिगेज ने हासिल करते हुए मेहमान टीम को नौ विकेट से जीत दिलाई।
अपने करियर का 45वां वनडे मैच खेलने वाली मंधाना ने वनडे करियर का चौथा शतक जड़ा। उन्होंने इस पारी में 104 गेंदें खेली और नौ चौके तथा तीन छक्के लगाए।
करियर का पांचवां वनडे मैच खेल रहीं 18 वर्षीया रोड्रिगेज का यह पहला वनडे अर्धशतक है। उन्होंने 94 गेंदों का सामना किया, जिसमें नौ चौके लगाए।
dharmpath.com dharmpath