नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारत में आयोजित हो रहे महिला क्रिकेट लीग (डब्ल्यूसीएल) के पहले संस्करण का लोगो जारी कर दिया गया है।
इस लोगो को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जारी किया गया और साथ ही टूर्नामेंट की वेबसाइट को भी लांच किया गया।
इस वेबसाइट के जरिए महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण शुरू कर दिया गया है।
इस लोगो को जारी करने के दौरान डब्ल्यूसीएल की प्रबंधक साझेदार वंदना ठाकुर ने कहा, “महिला क्रिकेट खिलाड़ियों का अभी क्रिकेट प्रेमी देश भारत के घर-घर में चमकना बाकी है। यह अवसर उन्हें इस टूर्नामेंट के जरिए मिलेगा।”
चयन प्रक्रिया के बारे में डल्ब्यूसीएल की प्रबंधक साझेदार पूजा शर्मा ने कहा, “सभी पंजीकृत उम्मीदवारों को चयन प्रक्रिया और ट्रायल से गुजरना होगा और इस प्रक्रिया में खेल जगत की जानी-मानी हस्तियां शामिल होंगी। इस प्रक्रिया के बाद अंतिम सूची में शामिल खिलाड़ी लोकप्रिय कोचों के नेतृत्व में प्रशिक्षण करेंगे।”
इस लीग में आठ टीमें खेलेंगी, जिन्हे विभिन्न क्लबों के खिलाड़ियों द्वारा बनाया जाएगा। अंतिम टीमों की सूची टूर्नामेंट की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath