महिला गोल्फ : आठवें चरण के पहले दिन किरन को बढ़त

गुड़गांव, 11 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी से सटे गुड़गांव स्थित क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रहे हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के आठवें चरण के टूर्नामेंट के पहले दिन इंग्लैंड की किरन माथारू बढ़त हासिल करने में कामयाब रहीं।

तीसरे चरण की विजेता किरन ने बुधवार को पहले दौर में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच अंडर 67 का स्कोर हासिल किया। बेहद संभलकर खेलते हुए मध्यांतर तक किरन पार 36 के स्कोर पर थीं। इस बीच उन्होंने एक भी बर्डी या बुगी नहीं लगाई। मध्यांतर के बाद हालांकि किरन ने जबरदस्त वापसी करते हुए 10वें, 11वें, 13वें, 15वें और 18वें होल पर कुल पांच बर्डी लगाए।

ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर चल रहीं तथा सीजन में लगातार दो जीत हासिल करने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज स्मृति मेहरा ने आठवें चरण की शुरुआत भी शानदार अंदाज में की। मध्यांतर तक स्मृति ने तीसरे, चौथे और पांचवें होल पर लगातार तीन बर्डी लगा तीन अंडर 33 का स्कोर हासिल कर लिया था। मध्यांतर के बाद हालांकि वह अपनी लय बरकरार नहीं रख सकीं और तीन अंडर 69 के स्कोर के साथ ओवरआल दूसरे पायदान पर रहीं।

सीजन में तीन खिताब जीतकर ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहीं वाणी कपूर यहां भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकीं। हालांकि बेहद संभलकर खेलते हुए वाणी ने पार 72 का स्कोर हासिल किया और छठे स्थान पर रहीं।

पहले दौर में अंडर पार स्कोर हासिल करने वाली खिलाड़ियों में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं श्वेता गालांडे (दो अंडर 70) और वैशवी सिन्हा (दो अंडर 70) तथा पांचवें स्थान पर रहीं नेहा त्रिपाठी (एक अंडर 71) रहीं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493