श्रीनगर, 25 जून (आईएएनएस)। देश की युवा प्रतिभा गुरबानी सिंह ने हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के नौवें चरण के दूसरे दौर में गुरुवार को दो ओवर 74 का स्कोर कर शीर्ष स्थान बरकरार रखा।
कपूरथला की गुरसिमर बडवाल दूसरे दौर में तीन अंडर 69 का स्कोर करते हुए दूसरे पायदान पर पहुंच गईं, जबकि उनसे एक शॉट पीछे दिल्ली की वाणी कपूर तीसरे स्थान पर रहीं।
रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में चल रहे सात लाख इनामी राशि वाले टूर्नामेंट के दूसरे दौर का खेल बुधवार को बारिश के कारण स्थगित करना पड़ा था।
गुरबानी ने संभलकर खेलते हुए 11वें होल पर जाकर पहली बर्डी हासिल कर सकीं। इस बीच उन्होंने छठे, 10वें और 14वें होल पर बुगी लगाए। पहले दौर में चार अंडर 68 के शानदार प्रदर्शन के बल पर गुरबानी ने शीर्ष पर रहते हुए अंतिम दौर में प्रवेश किया।
ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर मौजूद वाणी ने दूसरे दौर में अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया। शुरुआती नौ होल तक उन्होंने एक भी बुगी नहीं लगाई तथा तीसरे और सातवें होल पर दो बर्डी हासिल किए।
मध्यांतर के बाद वाणी ने 10वें होल पर एक और बर्डी लगाया, हालांकि 18वें होल पर बुगी लगाने के बाद उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath