महिला गोल्फ : दूसरे दिन वाणी ने बड़ी की बढ़त

पुणे, 23 मार्च (आईएएनएस)। देश की अग्रणी महिला गोल्फ खिलाड़ी वाणी कपूर ने हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर-2017 के छठे चरण में पहले दिन हासिल की गई पांच शॉट की बढ़त को दूसरे दिन गुरुवार को बढ़ाकर सात शॉट तक पहुंचा दिया।

पूना क्लब गोल्फ कोर्स पर खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दूसरे दिन कोई भी खिलाड़ी अंडर स्कोर नहीं कर सकीं और वाणी को अन्य खिलाड़ियों के खराब प्रदर्शन का लाभ मिला।

वाणी ने दूसरे राउंड में 1-ओवर-72 का स्कोर किया।

मौजूदा सत्र में दो खिताब जीत चुकीं और दो बार उप-विजेता रहीं अमनदीप द्राल ने भी अपना दूसरा स्थान कायम रखा है। अमनदीप ने दूसरे राउंड में 3 ओवर 74 का स्कोर किया और दो दिन के बाद उनका कुल स्कोर 149 है।

दूसरे राउंड में वाणी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। तीसरे और पांचवें होल पर शॉट चूक गईं। हालांकि उन्होंने तुरंत इसकी भरपाई की और छठे तथा सातवें होल पर बर्डी लगाई।

मध्यांतर के बाद 14वें होल पर बर्डी लगाने के साथ अंडर स्कोर की ओर बढ़ती लगी रहीं वाणी अंतिम दो होल पर दो बोगी लगा बैठीं। दो दिन का बाद उनका कुल स्कोर 142 है। सात शॉट की बढ़त लेने के बाद वाणी इस सत्र के अपने दूसरे खिताब के काफी करीब नजर आ रही हैं।

दूसरे स्थान पर मौजूद ऑर्डर मेरिट में शीर्षस्थ अमनदीप दूसरे दिन मध्यांतर से पहले सिर्फ एक बर्डी लगा सकीं, जो उन्होंने तीसरे होल पर हासिल की। जबकि दूसरे, छठे और सातवें होल पर वह बोगी खेल गईं।

मध्यांतर के बाद उन्होंने 11वें और 13वें होल पर दो बर्डी हासिल किए, जबकि 12वें होल पर बोगी और 16वें होल पर डबल बोगी खेलने का उन्हें नुकसान उठाना पड़ा।

भारत की अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी बेंगलुरू की शर्मिला निकोलेट तीसरे स्थान पर रहीं। दो दिन की समाप्ति के बाद उनका कुल स्कोर 151 रहा। उन्होंने दूसरे दिन आठवें, 11वें और 13वें होल पर बर्डी और दूसरे, चौथे तथा सातवें होल पर बोगी लगाई। पांचवें होल पर वह डबल बोगी खेल गईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493