महिला गोल्फ : पहले दिन गुरसिमर ने ली बढ़त

कोलकाता, 3 फरवरी (आईएएनएस)। गुरसिमर बडवाल ने तीन ओवर 75 का स्कोर करते हुए हीरो महिला प्रोफेशनल गोल्फ टूर के तीसरे चरण के टूर्नामेंट के पहले दिन बुधवार को एक स्ट्रोक से बढ़त ले ली।

रॉयल कोलकाता गोल्फ क्लब में चल रहे छह लाख रुपये इनामी टूर्नामेंट में गुरसमिर के बाद शर्मिला निकोलेट को दूसरा स्थान हासिल हुआ।

गुरसिमर के लिए मध्यांतर तक का सफर बेहद खराब रहा। उन्होंने दूसरे और तीसरे होल पर दो बोगी से शुरुआत की और पांचवें होल पर वह डबल बोगी लगा बैठीं। वह चौथे होल पर दिन का एकमात्र बर्डी हासिल कर सकीं। मध्यांतर के बाद उन्होंने थोड़ा नियंत्रित प्रदर्शन किया और एक भी शॉट नहीं चूकीं।

वहीं मौजूदा सत्र में टूर का पहला टूर्नामेंट खेलने उतरीं शर्मिला चार ओवर 76 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। उन्होंने तीसरे, पांचवें, छठे, सातवें और नौवें होल पर बोगी लगाई, जबकि चौथे होल पर एकमात्र बर्डी लगा सकीं। मध्यांतर के बाद जरूर उन्होंने कोई त्रुटि नहीं की।

स्थानीय दिग्गज स्मृति मेहरा और पुणे की श्वेता गलांडे पांच ओवर 77 के समान स्कोर के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।

स्मृति शुरुआती नौ होल पर एक भी बर्डी नहीं लगा सकीं। इस बीच उन्होंने दूसरे, तीसरे, पांचवें, सातवें और नौवें होल पर बोगी लगाए। मध्यांतर के बाद भी वह तीन शॉट (15वें, 16वें और 17वें होल पर) चूकीं।

हालांकि 12वें, 13वें और 18वें होल पर लगाई गईं तीन बर्डी ने उन्हें तीसरे स्थान पर बनाए रखा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493