रियो डी जेनेरियो, 24 मई (आईएएनएस)। इस वर्ष अगस्त में रियो डी जेनेरियो में होने वाले ओलम्पिक खेलों में महिलाओं की वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पहले चरण में मेजबान ब्राजील का सामना रूस से होगा।
अंतर्राष्ट्रीय बॉलीबॉल महासंघ ने यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, टूर्नामेंट के पहले चरण में रूस के अलावा दो बार की ओलम्पिक चैम्पियन ब्राजीली टीम का सामना जापान, दक्षिण कोरिया, अर्जेटीना और कैमरून से होगा।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के मैचों के क्रम, तारीखों और समय के कार्यक्रम को तय किया जाना अभी बाकी है।
ब्राजील की वॉलीबॉल टीम के कोच जे रोबटरे ने सोमवार को कहा, “इसमें दो मजबूत समूह हैं और आप अपने प्रतिद्वंद्वियों को नहीं चुन सकते।”
रोबटरे ने कहा, “इस टूर्नामेंट में हमारा सबसे पहला लक्ष्य अपने समूह में अच्छा प्रदर्शन करने का होगा। अगस्त में होने वाली प्रतियोगिता में शीर्ष स्तर को हासिल करने के लक्ष्य से हम जितनी हो सके उतनी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।”
ब्राजील ने लंदन में 2012 में आयोजित ओलम्पिक खेलों के क्वार्टर फाइनल में रूस को बाहर कर दिया था।
रियो 2016 ओलम्पिक खेलों की महिला वॉलीबॉल के दो ग्रुप :-
ग्रुप-ए : ब्राजील, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, अर्जेटीना, कैमरून
ग्रुप-बी : अमेरिका, चीन, सर्बिया, इटली, नीदरलैंड्स, प्यूटरे रिको
dharmpath.com dharmpath