मुंबई, 24 मई (आईएएनएस)। सुपरस्टार आमिर खान और ब्रिटेन के दिग्गज अभिनेता इयान मैककेलन ने यहां ‘मुंबई अकादमी ऑफ मूविंग इमेजिस’ (मामी) फिल्म क्लब के लांच पर महान नाटककार विलियम शेक्सपियर के काम और उनकी विरासत के बारे में चर्चा की।
शेक्सपियर की 400वीं बरसी के अवसर पर मामी फिल्म क्लब ने मैककेलन और आमिर को शेक्सपियर पर एक व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया था।
इस कार्यक्रम का आयोजन सोमवार शाम ‘शेक्सपियर लाइव्स’ के एक हिस्से के रूप में किया गया।
शेक्सपियर के कई नाटकों का मंचन कर चुके मैककेलन ने कहा, “उनके बारे में कोई भी चीज पुरानी नहीं है। आप केवल कक्षाओं में उनके बारे में सुनकर या पढ़कर उन्हें नहीं समझ सकते।”
वहीं, आमिर ने कहा कि उन्होंने 10वीं कक्षा में शेक्सपियर के बारे में पहली बार पढ़ा था।
दिग्गज अभिनेता ने कहा, “मैंने 10वीं कक्षा में पहली बार शेक्सपियर का ‘जुलियस सीसर’ पढ़ा था..यहां तक कि मेरी पहली फिल्म भी उनके नाटक ‘रोमियो एंड जूलियट’ से प्रेरित थी।”
इस समारोह का आयोजन 25 से 29 मई तक तीन अलग-अलग जगहों पर होगा।
dharmpath.com dharmpath