ब्यूनस आयर्स, 26 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय महिला हॉकी टीम अर्जेटीनी महिलाओं के खिलाफ दूसरे मैच में 1-4 से हार गई।
भारत के लिए वंदना कटारिया ने तीसरे क्वार्टर में एकमात्र गोल किया।
बुधवार को हुए इस मैच में अर्जेटीना ने आक्रामक अंदाज में खेला और आठवें मिनट में मार्टिना कैवलेरो ने पहला गोल कर दिया।
अर्जेटीनी महिलाओं ने अपना दबदबा कायम रखते हुए दूसरे क्र्वाटर में पिलर रोमांग के गोल की बदौलत 2-0 की बढ़त ले ली।
नोएल बैरिओन्यूवो ने अर्जेटीना के लिए तीसरा गोल किया। भारतीय टीम ने हालांकि तीसरे क्वार्टर में वंदना की बदौलत स्कोर 1-3 कर लिया।
चौथे क्वार्टर में नोएल ने अपना दूसरा और अर्जेटीना का चौथा गोल कर भारतीय संघर्ष पर अंतिम विराम लगा दिया।
मैच के बाद भारतीय कोच नील हॉगुड ने कहा, “अर्जेटीनी महिलाओं ने बेहद आक्रामक हॉकी खेली। हमारी टीम ने अच्छी तैयारी की थी और हरसंभव मौके हासिल किए, लेकिन एक बार फिर से हमें कुछ कमियों पर काम करने की जरूरत है।”
हॉगुड ने कहा, “दौरे पर अभी हमें दो मैच और खेलने हैं और आगामी मैचों में दमदार प्रदर्शन की हमें पूरी उम्मीद है।”
भारतीय महिलाएं अब गुरुवार को अर्जेटीना की अंडर-21 टीम का सामना करेंगी।
dharmpath.com dharmpath