पर्थ, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया हॉकी लीग (एएचएल) में खेले गए अपने दूसरे मैच में शनिवार को इंडिया-ए की महिला टीम को न्यू साउथ वेल्स से 7-0 से हार का सामना करना पड़ा है।
इससे पहले लीग के अपने पहले मैच में महिला टीम को विक्टोरिया की टीम से हार मिली थी।
न्यू साउथ वेल्स ने पहले ही क्वार्टर में तीन गोल दागने के साथ ही मैच पर अपना दबदबा कायम कर लिया था। पहले क्वार्टर में टीम के लिए एमिली स्मिथ ने दूसरे मिनट में ही फील्ड गोल दागा।
इसके बाद कर्टनी स्कोनेल ने छठे और जेमी हेमिंगवे ने 12वें मिनट में गोल कर न्यू साउथ वेल्स को 3-0 की बढ़त दी।
दूसरे क्वार्टर में 18वें मिनट में जेसिका वाटरसन ने गोल कर न्यू साउथ वेल्स को इंडिया-ए की महिला टीम से 4-0 से आगे कर दिया। मेहमान टीम अब भी संघर्ष कर रही थी, लेकिन प्रतिद्वंद्वी टीम के डिफेंस के आगे मजबूर थी।
तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों की ओर से एक भी गोल नहीं हुआ, लेकिन चौथे क्वार्टर में एक बार फिर अपने सशक्त खेल का सबूत देते हुए न्यू साउथ वेल्स ने तीन और गोल दागे।
चौथे क्वार्टर में केटलिन नोब्स (46वें मिनट) ने पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील किया। इसके बाद एमिली स्मिथ ने भी 48वें मिनट में एक और पेनाल्टी स्ट्रोक को गोल में बदला। 52वें मिनट में एबिगेल विल्सन के साथ दागे गए गोल के साथ ही न्यू साउथ वेल्स ने 7-0 से जीत हासिल की।
इंडिया-ए की महिला टीम का अगला मुकाबला पूल-बी में दो अक्टूबर को साउथ आस्ट्रेलिया से होगा।
dharmpath.com dharmpath