महिला हॉकी : भारत को चौथे मैच में स्पेन ने 1-4 से हराया

मेड्रिड, 17 जून (आईएएनएस)। स्पेन दौरे पर भारतीय महिला हॉकी टीम को मेजबान टीम के खिलाफ खेले गए मैच में 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

कोंसेजो सुपीरियर डे डिपोर्ट्स हॉकी स्टेडियम में शनिवार देर रात खेले गए मैच में स्पेन ने इस जीत के साथ पांच मैचों की इस सीरीज में 2-1 से बढ़त बना ली है।

स्पेन ने पहले मैच में जीत से शुरुआत की थी। दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच ड्रॉ हुआ था, वहीं रोमांचक रहे तीसरे मैच में भारत ने मेजबान टीम को 3-2 से हराया।

भारत के खिलाफ खेले गए इस मैच में स्पेन के लिए लोला रिएरा (10वें और 34वें मिनट), लूसिया जिमेनेज (19वें मिनट) और कार्मेन कानो (37वें मिनट) ने गोल किए। इसके अलावा, मेहमान टीम के लिए एकमात्र गोल उदिता (22वें मिनट) ने किया।

स्पेन को मैच की शुरुआत के बाद पांचवें मिनट में ही पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने का अवसर मिला, लेकिन भारतीय टीम के डिफेंस ने इस अवसर को असफल कर दिया।

रिएरा ने 10वें मिनट में पेनाल्टी पर मिले गोल के एक और अवसर को जाया नहीं जाने दिया और इसे भुनाते हुए स्पेन को 1-0 से बढ़त दे दी। 19वें मिनट में लूसिया ने फील्ड गोल कर टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अच्छा अवसर हासिल करते हुए उदिता के गोल के दम पर अपना खाता खोला। हालांकि, इसके बाद स्पेन ने उसे गोल करने का दूसरा अवसर नहीं दिया।

स्पेन की टीम ने 34वें मिनट में रिएरा के गोल से भारत के खिलाफ स्कोर 3-1 कर लिया। इसके तीन मिनट बाद ही कार्मेन ने गोल कर अपनी टीम का स्कोर 4-1 कर दिया।

तीसर और चौथे क्वार्टर में भारत को फारवर्ड पर संघर्ष करते हुए देखा गया, लेकिन टीम एक भी गोल दागने में असफल रही और इसके कारण उसे 1-4 से हार का सामना करना पड़ा।

स्पेन और भारत के बीच सीरीज का पांचवां और अंतिम मैच सोमवार को खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493