माकपा का भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केरल में कथित तौर पर आरएसएस और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में माकपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पार्टी महासचिव सीताराम येचुरी की अगुआई में सोमवार को भाजपा मुख्यालय तक मार्च निकाला।

माकपा नेताओं ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) द्वारा हमला किया जा रहा है, जिसे उन्होंने आरएसएस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नफरत की राजनीति कहा।

माकपा कार्यकर्ता दिल्ली के विठ्ठलभाई पटेल हाउस में अपने कार्यालय से निकले और करीब एक किलोमीटर दूर स्थित भाजपा मुख्यालय तक गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “आरएसएस आतंक बंद करो, बंद करो” और “खूनी राजनीति बंद करो” जैसे नारे लगाए।

भाजपा कार्यालय के पास पुलिस ने मार्च को रोक दिया, जहां माकपा नेताओं ने सभा को संबोधित किया।

येचुरी ने कहा,”जब से मोदी सरकार सत्ता में आई है तब से आरएसएस-भाजपा हिंसा पर उतर आई है, खासकर केरल में, जहां माकपा कार्यकर्ता और समर्थकों की हत्या की जा रही हैं। उन्होंने ‘गोरक्षा’, ‘लव जिहाद’ और ‘और छद्म राष्ट्रवाद’ के नाम पर हत्याएं कर नफरत की राजनीति दिखाई है।”

उन्होंने कहा कि केरल में पिछले तीन साल में लगभग 85 माकपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है।

मार्च में शामिल अन्य माकपा नेताओं में प्रकाश करात, वृंदा करात और एस.आर. पिल्लई शामिल थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493