मुंबई, 15 मई (आईएएनएस)। ऋषि कपूर और करण जौहर जैसे सितारों ने रविवार को बॉलीवुड की ‘मोहिनी’ अभिनेत्री माधुरी दीक्षित नेने को जन्मदिन की बधाई दी है। उन्होंने खूबसूरत माधुरी के लिए खुशियों की कामना की है।
माधुरी ने हिंदी सिनेमा में वर्ष 1984 में हिरेन नाग द्वारा निर्देशित फिल्म ‘अबोध’ के साथ करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने 1988 की फिल्म ‘तेजाब’ से लोकप्रियता हासिल की। इस फिल्म में उन्होंने मोहिनी का किरदार निभाया था।
‘राम लखन’, ‘परिंदा’, ‘दिल’, ‘साजन’, ‘बेटा’, ‘खलनायक’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिल तो पागल है’ और ‘देवदास’ जैसी बॉलीवुड फिल्मों में उन्होंने महत्वपूर्ण किरदार निभाए हैं।
माधुरी को 2008 में भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
बड़े पर्दे पर माधुरी को इससे पहले सौमिक सेन द्वारा निर्देशित 2014 की फिल्म ‘गुलाब गैंग’ में देखा गया था। वर्तमान में माधुरी रियलिटी टेलीविजन शो ‘सो यू थिंक यू कैन डांस-अब इंडिया की बारी’ में निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में नजर आ रही हैं।
बॉलीवुड हस्तियों ने ट्विटर के जरिए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है।
ऋषि कपूर : माधुरी दीक्षित को जन्मदिन मुबारक हो।
करण जौहर : खूबसूरत और असाधारण माधुरी दीक्षित को जन्मदिन मुबारक हो। माधुरी को प्यार।
रितेश देशमुख : मेरी पसंदीदा माधुरी दीक्षित को जन्मदिन की शुभकामनाएं।
सोफी चौधरी : माधुरी दीक्षित को जन्मदिन की बधाई। आप जानती हैं कि मैं आपको कितना पसंद करती हूं। आपका वर्ष मंगलमय हो!
dharmpath.com dharmpath