मायावती की सपा-कांग्रेस व भाजपा को वोट न देने की अपील

मायावती ने कहा, “सपा की सरकार में रिकॉर्डतोड़ दंगे हुए हैं। इनकी सरकार में भू माफियाओं का राज चलता है। सपा सरकार में लोग आतंक में रहते हैं। जबकि, भाजपा के पास तो कोई चेहरा ही नहीं है। जबकि भाजपा मुख्यमंत्री पद के लिए किसी को प्रोजेक्ट करने के लायक नहीं है।”

उन्होंने कहा, “सपा में गुंडागर्दी की सरकार चलती है। यहां कोई भी शख्स ईमानदारी से काम नहीं कर सकता है। सपा के भूमाफिया लोगों की जमीन पर कब्जा करते हैं। दुष्कर्म, अपहरण, हत्या जैसी घटनाएं सैकड़ों की संख्या में होती है। इनसे सुरक्षित होने के लिए बसपा ही एक रास्ता है।”

उन्होंने कहा कि जनता बसपा को जिताने का मन बना चुकी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह बाबा साहब अंबेडकर और कांशीराम का सपना साकार करे। साथ ही उन्होंने जनता को विरोधियों से सावधान रहने की जरूरत भी बताई।

बसपा अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा, “भाजपा ने सरकार बनने के बाद केवल एक काम ही किया है। अपने चहेते पूंजीपतियों को पहले से ज्यादा धनवान बना दिया है। प्रधानमंत्री मोदी के लगभग पौने तीन साल के कार्यकाल के दौरान लिए गए फैसलों की वजह से प्रदेश के मजदूर, किसान, गरीबों आदि में काफी गुस्सा व्याप्त है। इसी वजह से पार्टी उप्र में किसी मुख्यमंत्री उम्मीदवार को नहीं उतार रही है।”

उन्होंने कहा कि गौरक्षा संस्कृति के नाम पर अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न किया जा रहा है। दलित और अल्पसंख्यकों का भाजपा में उत्पीड़न हो रहा है।

मायावती ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने नोटबंदी करने से पहले अपने लोगों का कालाधन ठिकाने लगा दिया था। उन्होंने ये भी नहीं बताया है कि नोटबंदी के बाद कितना कालाधन इकट्ठा किया गया है और कितनों को सजा दी गई है। इससे साफ है कि अपने वादों से ध्यान हटाने के लिए यह फैसला लिया गया था।”

मायावती ने कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा, “पार्टी ने आजादी के बाद उप्र में लगभग 37 वर्षो और केंद्र में 54 सालों तक राज किया है। अब ये पार्टी अपने उसूलों को ताक पर रखकर अराजक, भ्रष्ट पार्टी सपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है।”

उन्होंने कहा कि अब जनता को फैसला लेना है कि क्या वह अब दागी, भ्रष्ट पार्टी को वोट देगी या ऐसी पार्टी को जो पूरी तरह से बेदाग है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493