बक्सर, 29 जुलाई (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती के बारे में अभद्र टिप्पणी करने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से निष्कासित नेता दयाशंकर सिंह को शुक्रवार को बिहार के बक्सर से गिरफ्तार कर लिया गया।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र कुमार शर्मा ने दयाशंकर की गिरफ्तारी की पुष्टि की और कहा कि उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (एसटीएफ) की टीम ने बिहार पुलिस से सहयोग मांगा था। उन्होंने कहा कि दयाशंकर को बक्सर से गिरफ्तार किया गया है।
उल्लेखनीय है कि दयाशंकर बक्सर जिले के मूल निवासी हैं। पिछले दिनों उन्हें झारखंड के देवघर में देखा गया था।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के बाद दयाशंकर के खिलाफ एससी-एसटी अधिनियम के तहत उत्तर प्रदेश के एक थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से ही दयाशंकर फरार थे।
दयाशंकर की पत्नी स्वाति सिंह ने भी मायावती और बसपा नेता नसीमुद्दीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
dharmpath.com dharmpath