नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। मारुति सुजुकी डेजर्ट स्टॉर्म रैली के साथ एक बार फिर मोटर स्पोर्ट की दुनिया में रोमांच आने वाला है। मिनी डकार नाम से लोकप्रिय यह रैली तीन अप्रैल को यहां से रवाना की जाएगी।
यह रैली बेहद कठिन सफर और मौसम की बेरुखी को लेकर जानी जाती है। राजस्थान के थार रेगिस्तान के रेतीले टीलों और चट्टानी रास्तों से गुजरती यह रैली प्रतिभागियों को कच्चे रास्तों का रोमांचक अनुभव देती है।
मारुति सुजुकी डेजर्ट स्टॉर्म रैली की चार श्रेणी हैं। एक्स्ट्रीम, एंड्योर, एक्सप्लोर और मोटो। सभी श्रेणियों को मिला कर प्रतिभागियों की संख्या 200 से अधिक होगी। छह दिन के बेहद कठिन सफर का आरंभ नई दिल्ली से होगा और रैली हनुमानगढ़, बीकानेर, जैसलमेर होते हुए 10 अप्रैल को जोधपुर में समाप्त होगी।
मारुति सुजुकी रैलियों में हमेशा कुछ नया करती रही है। इस बार डेजर्ट स्टॉर्म की एक्सप्लोर श्रेणी में आंशिक-भागीदारी के रूप में एक नई पहल की गई है। एक्सप्लोर श्रेणी के दो भाग होंगे। भागीदार चाहे तो सभी 6 दिन भाग ले सकता है, या इससे कम अवधि (शुरू या अंत के 3 दिन) का विकल्प चुन सकता है।
नए प्रारूप का लक्ष्य ऐसे प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करना है जिनके लिए रैली में सभी 6 दिन भाग लेना कठिन है।
14वीं डेजर्ट स्टॉर्म रैली की घोषणा करते हुए मारुति सुजुकी इंडिया के विपणन महाप्रबंधक विनय पंत ने कहा, “मारुति सुजुकी ने हमेशा यह ध्यान रखा है कि इसका भारत की युवा पीढ़ी से अटूट रिश्ता बना रहे। मोटरस्पोर्ट में अग्रणी मारुति सुजुकी की रैलियों के जरिये हम प्रतिभागियों में रोमांच और एडवेंचर कायम रखने के साथ दर्शकों को भी इन्हें देखने का आनंद देना चाहते हैं।”
dharmpath.com dharmpath