मार्च में लगातार 11वें महीने पृथ्वी की गर्मी का रिकॉर्ड टूटा

वाशिंगटन, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। मार्च में लगातार 11वें महीने मासिक वैश्विक तापमान का रिकार्ड टूटा है। वर्ष 1880 में जब से तापमान रिकार्ड करने का सिलसिला शुरू हुआ है, तब से लगातार 11 महीने तापमान का रिकार्ड टूटने की यह पहली घटना है। अमेरिकी राष्ट्रीय समुद्री और वायुमंडलीय प्रशासन (एनओएए) ने यह जानकारी दी है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, एनओएए ने मंगलवार को जारी एक बयान में कहा, “मार्च महीने ने दुनिया के लिए तापमान का एक और रिकार्ड कायम किया।”

बयान में कहा गया है, “जैसे जैसे धरती लगातार गर्म हो रही है और अल नीनो जैसी घटनाओं से प्रभावित होती है, वैसे-वैसे वैश्विक तापमान के रिकार्ड भी बढ़ रहे हैं।”

एनओएए के अनुसार, इस साल मार्च महीने में दुनिया भर में धरती और समुद्री सतह का औसत तापमान पिछली सदी की तुलना में 1.22 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। पिछली सदी में मार्च महीने का औसत तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस था, जो इस साल बढ़कर 13.92 हो गया।

खास बात यह है कि 1880 से 2016 तक केवल मार्च महीने में ही नहीं तापमान अधिकतम रहा, बल्कि सभी महीनों के औसत तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। पिछले महीने के तापमान में 0.01 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि ने तो पहले के सभी रिकार्ड तोड़ दिए।

रपट में कहा गया है कि मार्च महीने में धरती के अधिकांश भाग और समुद्री सतह औसत से अधिक गर्म रहे। खास तौर से पूर्वी ब्राजील, मध्य और पूर्वी अफ्रीका के अधिकांश भाग, एशिया और उत्तरी और पूर्वी आस्ट्रेलिया में रिकार्ड गर्मी दर्ज की गई।

पूर्वोत्तर कनाडा के अधिकांश क्षेत्रों और अलास्का के साथ उत्तरी और पश्चिमी एशिया के बड़े भाग के तापमान में 1981 से 2010 के बीच औसत तापमान की तुलना में तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई।

हालांकि मार्च महीने में मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर में अल नीनो लगातार कमजोर पड़ता गया, लेकिन दुनिया भर की समुद्री सतह का मासिक औसत तापमान, रिकार्ड तापमान दर्ज कराने वाली 20वीं सदी के औसत मासिक तापमान से 0.81 डिग्री सेल्सियस अधिक बना रहा।

रपट में कहा गया है, “विगत छह महीनों में छह अधिकतम मासिक वैश्विक समुद्री तापमान भी दर्ज किए गए।”

इस साल पहले के तीन तहीनों का औसत तापमान 20वीं सदी के औसत तापमान से 1.50 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

यह तापमान 1880 से 2016 तक इस अवधि में सर्वाधिक था, जो 2015 में 0.28 की वृद्धि के साथ कायम किए गए रिकार्ड को भी तोड़ दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493