नई दिल्ली, 16 फरवरी (आईएएनएस)। भारत ने शुक्रवार को कहा कि मालदीव में राजनीतिक संकट पैदा होने के बीच लगाए गए आपातकाल के हटने और इसके बाद वहां की सरकार की ओर से उठाए जाने वाले अगले कदमों का उसे इंतजार है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने यहां कहा, “आपको मालूम है कि हमने मालदीव सरकार को आपातकाल वापस लेने और न्यापालिका को बिना किसी धमकी के काम करने की स्वतंत्रता देने समेत लोकतांत्रिक प्रक्रिया बहाल करने को कहा है।”
उन्होंने कहा, “हमने संज्ञान लिया है कि मालदीव में घोषित आपातकाल अगले कुछ दिनों तक वैध है और हम इसके बाद सरकार की ओर से उठाए जाने वाले कदमों को देखेंगे।”
मालदीव में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा नौ सांसदों और पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद नशीद के कारावास को अवैध करार देते हुए फैसला सुनाए जाने पर वहां के वर्तमान राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने 15 दिनों का आपातकाल घोषित कर दिया और प्रधान न्यायाधीश व एक अन्य न्यायाधीश को गिरफ्तार कर लिया जिससे वहां संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
चीन की ओर से इस मसले पर मालदीव में किसी बाहरी हस्तक्षेप के खिलाफ बयान देने के मुद्दे पर सवाल किए जाने पर कुमार ने अपना पूर्व बयान दोहराया कि भारत आशा करता है कि सभी देश मालदीव रचनात्मक भूमिका निभाएंगे ना कि इसका उलट व्यवहार करेंगे।
dharmpath.com dharmpath