नई दिल्ली, 9 दिसम्बर (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने शनिवार को महिला सुरक्षा से संबंधित मुद्दों और राजधानी में अवैध मादक पदार्थ व शराब बेचे जाने से बढ़ रहे खतरे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की।
बयान के अनुसार, मालीवाल ने राष्ट्रपति से केंद्र सरकार से अपनी मांग को मनवाने के लिए आयोग की मदद करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा, “सबसे पहले, इस संबंध में गृहमंत्री राजनाथ सिंह, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपराज्यपाल अनिल बैजल, पुलिस आयुक्त और डीसीडब्ल्यू की उच्चस्तरीय समिति गठित होनी चाहिए।”
मालीवाल ने कहा, “इस समिति को माह में कम से कम दो बार मिलना चाहिए और राजधानी में महिलाओं की स्थिति सही करने के लिए निर्णायक कदम उठाने चाहिए और मादक पदार्थो तथा शराब की अवैध बिक्री पर रोक लगाई जानी चाहिए।”
उन्होंने कहा, “अपराधी दिल्ली में पुलिस से नहीं डरते हैं। इस स्थिति को बदलने की जरूरत है।”
डीसीडब्ल्यू प्रमुख ने बच्चों के साथ दुष्कर्म पर कठोर कानून बनाने की मांग करते हुए कहा,”राजधानी में औसतन प्रतिदिन दुष्कर्म की छह घटनाएं होती हैं, जिसमें लड़कियां और 11 माह की बच्ची भी शामिल हैं। इसके लिए इस संबंध में मध्यप्रदेश की तरह कानून बनाने की जरूरत है।”
मालीवाल ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को इस बात की सूचना दे दी है कि दिल्ली में घरों में मादक पदार्थ व शराब अवैध रूप से बेचे जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath