लॉस एंजेलिस, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी अभिनेत्री मिला जोवोविच ने इंस्टाग्राम पर प्रशंसकों के साथ अपनी आगामी फिल्म ‘रेजीडेंट इविल : द फाइनल चैप्टर’ के सेट की एक फोटो साझा की।
वेबसाइट ‘ऐसशोबिज डॉट कॉम’ की रपट के अनुसार, फिल्म का सेट केपटाउन में लगा हुआ है। फोटो में अभिनेत्री ऐली लार्टर और अभिनेता इयोन मैकन नजर आ रहे हैं।
मिला (39) ने इस फोटो के कैप्शन में लिखा, “सेट पर इयोन मैकन के साथ हूं। पॉल दृश्य की शूटिंग से पूर्व संबंधित दिशा-निर्देश दे रहे हैं।”
फोटो के कैप्शन से पता चलता है कि यह रात में उस वक्त ली गई, जब दृश्य की शूटिंग से पूर्व फिल्म के निर्देशक पॉल डब्ल्यू.एस. एंडरसन अभिनेत्री लार्टर को दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
इयोन ने भी शूटिंग से जुड़ी कुछ तस्वीरें इंस्टाग्राम पर अपलोड की। इनमें से एक तस्वीर में फिल्म कर्मी सेट पर जुटे नजर आ रहे हैं।
यह फिल्म ‘रेजीडेंट इविल’ का छठा संस्करण है, जो अमेरिका में 27 जनवरी, 2017 को रिलीज होगी।
dharmpath.com dharmpath