मुंबई, 26 जुलाई (आईएएनएस)। थ्रिलर फिल्म ‘मिसिंग ऑन अ वीकेंड’ के निर्माताओं ने सेंसर बोर्ड की मुश्किलों का सामना करने के बाद कहा है कि वे फिल्म को 26 अगस्त को रिलीज करेंगे। फिल्म में कट को लेकर सेंसर बोर्ड से विवाद बना हुआ था। फिल्म के रिलीज में देरी से निर्माताओं का आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
निर्देशक अभिषेक जावकर ने आईएएनएस को बताया, “हमने अपनी रिलीज की तारीख तय कर ली है और यह 26 अगस्त है। हम अभी सुझाए गए कट्स पर काम कर रहे हैं, हम उन्हें इस तरह से कर सकते हैं कि कहानी में कोई अड़चन न आए। हम सेंसर बोर्ड की समीक्षा समिति के पास जा सकते हैं या फिर हम अभी भी यह सोच रहे हैं कि हमें ऐसा कदम उठाने की जरूरत है या नहीं।”
उन्होंने कहा, “लेकिन, यह तय है कि हम और देर नहीं कर सकते। पहले ही एक महीने की देर के कारण मेरा काफी नुकसान हो चुका है। रिलीज की तारीख को दी महीने पहले घोषित करना जरूरी है ताकि प्रचार की तैयारी और अन्य चीजें प्रभावशाली ढंग से की जा सकें। इसलिए हमने इसकी घोषणा करने का फैसला किया है।”
फिल्म पहले एक जुलाई को रिलीज की जानी थी, लेकिन सेंसर बोर्ड द्वारा मौखिक तौर पर 51 कट्स सुझाने, लेकिन लिखित सूची न देने के कारण निर्माताओं को उसके कार्यालय के चक्कर काटने के बाद कानूनी नोटिस देना पड़ा था। नोटिस के बाद निर्माताओं को लिखित सूची मिल गई और कट्स को भी कम करके पांच कर दिया गया।
dharmpath.com dharmpath