काहिरा, 26 फरवरी (आईएएनएस)। मिस्र की एक अदालत ने इस्लाम का अपमान करने पर कॉप्टिक क्रिस्चियन स्कूल के चार विद्यार्थियों को पांच साल की जेल की सजा सुनाई।
समाचार पत्र ‘अल-अहराम’ की रपट के मुताबिक, अदालत ने चार में से तीन विद्यार्थियों को जेल प्रशासन को सौंप दिया गया है, जबकि उनमें से एक को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
मिन्या गवर्नरेट के मुस्लिम निवासियों द्वारा दायर एक शिकायत के आधार पर चारों विद्यार्थियों के खिलाफ मामले तय किए गए हैं। शिकायत में एक कॉप्टिक शिक्षक गेड यूसुफ यौनान और उनके पांच विद्यार्थियों पर इस्लाम का अपमान करने के आरोप लगाए गए हैं।
गौरतलब है कि फरवरी 2015 में चर्च की ओर से आयोजित एक यात्रा के दौरान यौनान और उनके विद्यार्थियों को कथित तौर पर आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट का मजाक उड़ाते एक वीडियो क्लिप में देखा गया था।
धर्म का अपमान करने के आरोप में यौनान को 30 जनवरी को तीन साल जेल की सजा सुनाई गई।
कॉप्टिक क्रिस्चियन मिस्र की 90 लाख आबादी का लगभग 10 प्रतिशत हैं। यह समुदाय लंबे समय से भेदभाव और उत्पीड़न की शिकायत करता आ रहा है।
मिस्र की अदालतें हाल ही में धर्म का अपमान करने के आरोप में मुस्लिम और ईसाई दोनों धर्मों से कई व्यक्तियों को दोषी करार दे चुकी हैं।
dharmpath.com dharmpath