अरुणाचल के नए मुख्यमंत्री ‘निर्विवाद नेता’ : राज्यपाल

इटानगर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। अरुणाचाल प्रदेश के राज्यपाल जे.पी.राजखोवा ने प्रदेश के नव-निर्वाचित मुख्यमंत्री कलिखो पुल को ‘निर्विवाद व लोकतांत्रिक ढंग से निर्वाचित बेहद मशहूर नेता’ करार दिया है। राजभवन के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केंद्र सरकार द्वारा राज्य से राष्ट्रपति शासन हटाने की सिफारिश के बाद पुल ने 19 फरवरी को अरुणाचल प्रदेश के आठवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

विद्रोही कांग्रेस विधायकों ने 60 सदस्यीय विधानसभा में गुरुवार को विश्वास मत भी हासिल कर लिया। हालिया राजनैतिक संकट में कांग्रेस के दो विधायकों को निकाले जाने के बाद सदन में विधायकों की कुल संख्या 58 रह गई है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास 11 सदस्य हैं और दो अन्य निर्दलीय विधायकों ने पुल का समर्थन किया है। सत्ता से बाहर हुए मुख्यमंत्री नबाम तुकी व उनके वफादार 16 कांग्रेसी विधायकों ने गुरुवार को सदन के सत्र में हिस्सा नहीं लिया।

विश्वास मत हासिस करने पर पुल को बधाई देते हुए राजखोवा ने कहा, “पुल ने खुद को निर्विवाद व लोकतांत्रिक ढंग से निर्वाचित बेहद मशहूर नेता साबित किया है।”

राज्यपाल ने विश्वास जताते हुए कहा कि पुल लोगों की आशा पर खरे उतरेंगे। आम लोगों और समाज के सभी तबकों को संतुष्ट करने का हर संभव प्रयास करेंगे।

पुल के नेतृत्व में कांग्रेस के विद्रोही नेताओं द्वारा तुकी के खिलाफ खुलेआम विद्रोह के बाद विधानसभा के छठे सत्र को समय से पहले बुलाने पर कांग्रेस ने राजखोवा पर भाजपा का एजेंट होने का आरोप लगाया था।

समय पूर्व बुलाए गए सदन के सत्र के दौरान कांग्रेस के विद्रोही विधायकों ने भाजपा के 11 विधायकों व दो निर्दलीय विधायकों के समर्थन से तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष नाबाम रेबिया के खिलाफ महाभियोग चलाया और पुल को सदन का नया नेता निर्वाचित कर लिया। इसकी वजह से तुकी सरकार बर्खास्त हो गई राज्य में 26 जनवरी को राष्ट्रपति शासन लागू हो गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493