मिस्र में 66 यात्रियों वाला विमान लापता (लीड-2)

काहिरा, 19 मई (आईएएनएस)। मिस्र की विमानन कंपनी इजिप्ट एयर का पेरिस से काहिरा आ रहा विमान गुरुवार को रडार से गायब हो गया। इसमें 66 लोग सवार थे।

विमानन कंपनी द्वारा जारी बयान के मुताबिक, विमान के रडार से गायब होने के लगभग दो घंटे बाद तड़के 4.26 बजे विमान से संकट का एक संदेश आया।

विमान ने रात 11.09 बजे पेरिस से उड़ान भरी थी और इसे तड़के 3.15 बजे काहिरा में उतरना था। विमान का तड़के 2.45 बजे रडार से संपर्क टूट गया।

इजिप्ट एयर के उपाध्यक्ष कैप्टन अहमद अदेल ने कहा कि उड़ान संख्या ए320 में दो शिशु सहित 56 यात्री थे। चालक दल के 10 सदस्य थे।

अल जजीरा ने विमानन कंपनी के हवाले से बताया कि 56 यात्रियों में से 30 मिस्र के, 15 फ्रांस के, दो इराक के, एक-एक ब्रिटेन, बेल्जियम, सूडान, चाड, पुर्तगाल, अल्जीरिया, कनाडा, सऊदी अरब और कुवैत से हैं।

जब विमान लापता हुआ, यह 37,000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।

मिस्र की सेना के मुताबिक, मिस्र और ग्रीस ने लापता विमान की खोज के लिए समुद्री खोज अभियान शुरू कर दिए हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद के कार्यालय ने बताया कि सरकार ने विमान के लापता होने की खबर पर आपात बैठक बुलाई।

एलिसी पैलेस से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, “राष्ट्रपति ओलांद ने पेरिस से काहिरा जा रहे विमान के लापता होने पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से चर्चा की।”

विमानन विशेषज्ञों के मुताबिक, विमान का भूमध्य सागर के ऊपर रडार से संपर्क टूट गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जब विमान भूमध्य सागर के ऊपर से उड़ान भर रहा था तो मौसम साफ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493