काहिरा/नई दिल्ली, 25 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मिस्र में अपने समकक्ष सामेह हसन शौकरी से छह भारतीय नाविकों की जल्द रिहाई के लिए हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है।
उल्लेखनीय है कि सुषमा दो दिन के मिस्र दौरे पर हैं, जहां छह भारतीय नाविक फरवरी 2014 से जेल में कैद हैं।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि सुषमा ने सोमवार को मिस्र के राष्ट्रपति अब्दल फतह अल सीसी से मुलाकात की। उन्होंने मिस्र की जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे दो भारतीय कैदियों के स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए अपने समकक्ष शौकरी को धन्यवाद दिया।
शौकरी ने सुषमा को मिस्र दौरे पर आने का न्योता दिया था। भारतीय विदेश मंत्री ने सोमवार को अरब लीग के महासचिव नबील अल अराबी से भी मुलाकात की। वह मिस्र में रविवार को भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मिलीं।
राष्ट्रपति अल सीसी ने सुषमा का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि वह मिस्र-भारत संबंधों को महत्व देते हैं और दोनों देशों के संबंधों को उच्चस्तर पर ले जाना चाहते हैं।
बयान में कहा गया है कि अल सीसी ने बताया कि वह भारत के हालिया आर्थिक विकास और वैज्ञानिक एवं प्रौद्योगिकी उपलब्धियों से बहुत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आतंकवाद से लड़ने, सुरक्षा सहयोग को बढ़ावा देने और रक्षा अनुसंधान एवं विकास और संयुक्त उत्पादन की दिशा में घनिष्ठ सहयोग की भी उम्मीद जताई।
dharmpath.com dharmpath