मीरपुर, 28 अक्टूबर (आईएएनएस)। इंग्लैंड के खिलाफ शेरे बांग्ला नेशनल स्टेडियम में चल रहे दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को बांग्लादेश की टीम अच्छी शुरुआत का लाभ नहीं उठा सकी और 220 रनों पर पूरी टीम पवेलियन लौट गई।
इंग्लैंड ने इसके बाद बारिश के कारण दिन का खेल समाप्त घोषित होने तक 50 रन बना लिए हैं, हालांकि बांग्लादेशी गेंदबाजों ने भी इंग्लैंड के तीन विकेट चटकाने में सफलता हासिल कर ली है।
कप्तान मुशफिकुर रहीम के 50वें टेस्ट मैच में बांग्लादेश को तमीम इकबाल (104) और मोमिनुल हक (66) ने बेहतरीन शुरुआत दिलाई। हालांकि इमरूल कायेस (1) के रूप में बांग्लादेश को पहला झटका शुरू में ही लग गया।
तमीम और मोमिनुल ने दूसरे विकेट के लिए 170 रनों की साझेदारी निभाई। अंतत: मोइन अली ने इंग्लैंड को बड़ी सफलता दिलाई और एक-एक कर क्रीज पर जम चुके दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई।
यहीं से बांग्लादेश की पारी के ढहने का क्रम शुरू हो गया। मोमिनुल के पवेलियन लौटने के बाद बांग्लादेश के शेष सात बल्लेबाज सिर्फ 18.2 ओवर इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना कर सके और इस दौरान बांग्लादेश टीम ने 30 रन बनाए।
मोइन अली ने बांग्लादेश के पांच बल्लेबाजों को चलता किया, जबकि क्रिस वोक्स को तीन और बेन स्टोक्स को दो विकेट मिले।
इंग्लैंड के लिए इस मैच से टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले जफर अंसारी पूरी तरह फ्लॉप रहे। उन्होंने छह ओवर गेंदबाजी की और 36 रन लुटाए, साथ ही एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके।
इंग्लैंड की पारी में भी कप्तान एलिस्टर कुक (14), बेन डकेट (7) और गैरी बालांस (9) पवेलियन लौट चुके हैं। जोए रूट 15 और मोइन अली दो रन बनाकर नाबाद लौटे।
दो मैचों की श्रृंखला में इंग्लैंड 1-0 से बढ़त ले चुका है।
dharmpath.com dharmpath