मीरपुर एकदिवसीय : बांग्लादेश ने जीत से श्रृंखला में की दमदार वापसी (राउंडअप)

मीरपुर, 12 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों क्षेत्रों में दमदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में हुए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही बांग्लादेश ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-1 से बराबरी कर ली।

बांग्लादेश ने पहले गेंदबाजों की धारदार प्रदर्शन की बदौलत दक्षिण अफ्रीकी टीम को 46 ओवरों में 162 रन पर धराशायी कर दिया, उसके बाद सौम्य सरकार (नाबाद 88) और महमुदुल्ला (50) की दमदार बल्लेबाजी के बल पर 27.4 ओवरो में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

बांग्लादेश को छक्का लगाकर जीत दिलाने वाले सरकार को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

करियर का दूसरा मैच खेल रहे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज कैगिसो रबाडा ने तमीम इकबाल (5) और लिटन दास (17) के विकेट शुरुआत में ही झटक कर पिछले प्रदर्शन की यादें ताजा कर दीं।

इसके बाद हालांकि सरकार और महमुदुल्ला ने निडरता से खेलते हुए तीसरे विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी कर टीम को जीत के बिल्कुल करीब ला दिया। महमुदुल्ला अर्धशतक बनाने के तुरंत बाद 159 के कुल योग पर जब काइल एबॉट का शिकार हुए तो बांग्लादेश को जीत के लिए सिर्फ आठ रनों की दरकार रह गई थी।

महमुदुल्ला ने 64 गेंदों पर छह चौके लगाए, वहीं सरकार 79 गेंदों में 13 चौके और एक छक्का लगाकर अंत तक नाबाद रहे। सरकार ने छक्का लगाकर बांग्लादेश के लिए विजयी रन जुटाए।

इससे पहले, बांग्लादेश के गेंदबाजों की धारदार गेंदबाजी के आगे दक्षिण अफ्रीकी टीम चार ओवर पहले ही 162 रन बनाकर धराशायी हो गई।

बांग्लादेश के लिए नासिर और मुस्ताफिजुर ने तीन-तीन विकेट चटकाए। रुबले को दो और मशरफे मुर्तजा तथा महमुदुल्ला को एक-एक विकेट मिला। बांग्लादेश के सभी गेंदबाजों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और चार से भी कम की इकॉनमी से रन दिए।

दक्षिण अफ्रीका के लिए फॉफ डू प्लेसिस (41) और फरहान बेहरादीन (36) ही बल्ले से कुछ देर संघर्ष कर सके। सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला ने 22 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों के पवेलियन लौटने की निरंतरता इस कदर बनी रही कि दूसरे विकेट के लिए अमला और प्लेसिस के बीच हुई 29 रनों की साझेदारी टीम की सबसे बड़ी साझेदारी रही।

दक्षिण अफ्रीकी पारी में बेहरादीन ने एकमात्र छक्का लगाया। दक्षिण अफ्रीकी पारी का औसत चौथे ओवर के बाद कभी चार तक भी नहीं पहुंच सका और पूरी टीम 162 रन बनाकर चार ओवर पहले ही धराशायी हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493