मीरपुर (बांग्लादेश), 24 जून (आईएएनएस)। भारत ने शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में मेजबान बांग्लादेश के खिलाफ जारी तीसरे और आखिरी एकदिवसीय मैच में 25 ओवर तक दो विकेट के नुकसान पर 145 रन बना लिए हैं।
सलामी बल्लेबाज शिखर धवन 64 जबकि पिछले मैच के बाद यहां भी बल्लेबाजी क्रम में ऊपर चौथे स्थान पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान महेंद्र सिंह धौनी 22 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं।
धवन 65 गेंदों में आठ चौके लगा चुके हैं, जबकि धौनी ने 21 गेंदों में तीन चौका और एक छक्का लगाया है।
इससे पहले बांग्लादेश ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। श्रृंखला गंवाने के बाद सम्मान बचाने उतरी भारतीय टीम को पहला झटका सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा, जब सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा (29) मुस्ताफिजुर रहमान की गेंद पर विकेटकीपर लिटन दास को कैच थमा बैठे। रोहित ने 29 गेंदों की पारी में दो चौके और एक छक्का लगाया।
इस श्रृंखला में तीसरी बार मुस्ताफिजुर ने रोहित को पवेलियन भेजा है।
इसके बाद धवन का साथ निभाने आए विराट कोहली (25) ने दूसरे विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी कर टीम को 100 रनों के पार पहुंचाया। कोहली का विकेट शाकिब अल हसन ने हासिल किया।
तीन मैचों की इस सीरीज में मेजबान टीम 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। उसने पहले एकदिवसीय मुकाबले में भारत को 79 रनों से हराया था, जबकि दूसरे मैच में छह विकेट से विजय हासिल की थी।
dharmpath.com dharmpath