नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। वृत्तचित्र, लघु एवं एनीमेशन फिल्मों पर आयोजित चौदहवां मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव (एमआईएफएफ) 28 जनवरी से तीन फरवरी, 2016 के बीच आयोजित किया जाएगा। फिल्मों की स्क्रीनिंग फिल्म डिविजन की रंगशालाओं, रूसी सांस्कृतिक केंद्र एवं मुंबई के पेडर रोड स्थित सोफिया कॉलेज की रंगशाला में होगी।
यह प्रतिष्ठित द्विवार्षिक समारोह सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के फिल्म्स डिविजन ऑफ इण्डिया की ओर से आयोजित तथा महाराष्ट्र सरकार द्वारा समर्थित होता है।
इस फिल्मोत्सव के ब्रांड एम्बेस्डर फिल्म अभिनेता जैकी श्राफ और फिल्म्स डिविजन के महानिदेशक मुकेश शर्मा ने गोवा के अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में मीडिया से बातचीत में यह जानकारी दी।
मुकेश शर्मा ने कहा कि उनके कहते ही, वृत्तचित्र आंदोलन में समारोह की भूमिका का महत्व महसूस कर, जैकी श्रॉफ इसका ब्रांड एम्बेसेडर बनने के लिए तैयार हो गए।
उन्होंने बताया कि जैकी श्रॉफ वृत्तचित्रों को सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रेरक मानते हैं साथ ही उनकी योजना खतरनाक बीमारियों एवं सामाजिक मुद्दों के प्रति जागृति लाने हेतु लघु फिल्में बनाने की है।
शर्मा ने कहा कि उद्घाटन एवं समापन समारोह रवींद्र नाट्य मंदिर, प्रभादेवी में क्रमश: 28 जनवरी एवं तीन फरवरी को आयोजित किए जाएंगे।
मीडिया से बातचीत में जैकी ने कहा कि एमआईएफएफ का ब्रांड एम्बेसेडर बन कर वह गर्वित महसूस कर रहे हैं। गैर-फीचर फिल्मों में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा एवं पुराना फेस्टिवल एमआईएफएफ पूरी दुनिया के फिल्मकारों को और फिल्मी दीवानों को आकर्षित करता है।
1990 में शुरू हुए एमआईएफएफ के इतिहास में पहली बार मुख्यधारा के किसी कलाकार को वृत्तचित्र फेस्टिवल का ब्रांड एम्बेसेडर बनाया जाएगा। लघु फिल्मों के प्रति अपनी चाहत के कारण राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेता जैकी श्रॉफ एमआईएफएफ का बड़े स्तर पर प्रचार करेंगे।
समारोह में तकनीकी वर्गो समेत प्रतिभागियों के लिए 50.50 लाख रुपये के नकद पुरस्कार, स्वर्ण शंख, ट्रॉफियां एवं प्रमाण पत्र रखे जाते हैं।
शर्मा ने बताया कि उत्सव में भारतीय वृत्तचित्र परिवार की किसी अनुभवी हस्ती को प्रतिष्ठित वी. शांताराम लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार भी दिया जाता है। इस पुरस्कार के अंतर्गत पांच लाख रुपये नकद, जयचिह्न् एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाते हैं।
शर्मा ने बताया कि उत्सव के लिए 831 प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं एवं अंतर्राष्ट्रीय, राष्ट्रीय, तकनीकी, न्यू मीडिया एवं एनीमेशन फिल्मों के लिए समारोह के निदेशालय ने चयन प्रक्रिया हेतु संक्षेपण शुरू दिया है। निर्णायक मंडल में भारत एवं विदेश से ख्यातनाम फिल्मकार एवं अन्य प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल होंगी।
तेरहवें मुंबई अंतर्राष्ट्रीय फिल्मोत्सव को मुंबई के अलावा अन्य शहरों में मिले समर्थन से प्रेरित होकर समारोह में स्क्रीनिंग नई दिल्ली, कोलकाता, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, लखनऊ, नागपुर एवं त्रिशूर में भी आयोजित की जाएंगी।
dharmpath.com dharmpath