तुर्की, रूस गिराए गए विमान पर सूचना साझा करेंगे

अंकारा, 25 नवंबर (आईएएनएस)। तुर्की के विदेश मंत्री मेवलुत कावुसोग्लू ने बुधवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव को फोन किया और उनसे विमान मार गिराने के मामले पर बात की।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने तुर्की के एक अधिकारी के हवाले से यह जानकारी दी है।

कावुसोग्लू ने लावरोव को बताया कि मंगलवार को तुर्की के एफ-16 विमानों ने रूस के एसयू-24 लड़ाकू विमान को मार गिराया। उन्होंने कहा कि रूस के विमान ने तुर्की की वायुसीमा का अतिक्रमण किया था।

अधिकारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने इस घटना के बारे में राजनयिक और सैनिक माध्यमों से सूचनाएं एक-दूसरे के साथ बांटने पर सहमति जताई। भविष्य में मिलने पर भी रजामंदी जताई।

लावरोव को द्विपक्षीय वार्ता के लिए मंगलवार को तुर्की आना था, लेकिन विमान को गिराए जाने की घटना के बाद उनका दौरा रद्द हो गया।

तुर्की के प्रधानमंत्री अहमत दावुतोग्लू ने बुधवार को कहा कि तुर्की, रूस के साथ तनाव नहीं बढ़ाना चाहता और दोनों ही पक्षों को इस बात को समझना चाहिए।

उन्होंने संसद में कहा, “रूस हमारा दोस्त है, पड़ोसी है। हमारे द्विपक्षीय संवाद के रास्ते अभी भी खुले हुए हैं। यह एक ऐसी घटना नहीं है जिसे तुर्की होते देखना चाहता था।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493