मुंबई जहरीली शराब त्रासदी का मुख्य आरोपी दिल्ली में गिरफ्तार (लीड-1)

नई दिल्ली/मुंबई, 23 जून (आईएएनएस)। मुंबई में घटी जहरीली शराब त्रासदी के मुख्य आरोपी को मंगलवार को नई दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी दी।

इस हादसे में अबतक 102 लोगों की मौत हो चुकी है, जो महाराष्ट्र में जहरीली शराब के कारण होने वाली अबतक की सबसे बड़ी त्रासदी है।

दिल्ली के पुलिस उपायुक्त वीनू बंसल ने आईएएनएस को बताया कि शराब का अवैध कारोबार करने वाले हादसे के मुख्य आरोपी को पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके से दिल्ली पुलिस के एक विशेष दस्ते ने गिरफ्तार किया।

मुंबई पुलिस के प्रवक्ता, उपायुक्त धनंजय कुलकर्णी ने गिरफ्तार आरोपी की मंसूर लतीफ शेख के रूप में पहचान की है।

बंसल ने आईएएनएस से कहा, “कुछ ही दिन पहले मुंबई पुलिस ने हमसे संपर्क कर बताया कि हादसे का मुख्य आरोपी दिल्ली में छिपा हुआ है। मैंने एक विशेष दल नियुक्त किया और मिली गोपनीय सूचना के आधार पर पूर्वी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में छापेमारी की।”

उन्होंने बताया, “अंतत: सीलमपुर इलाके से आरोपी को उसके मित्र के घर से गिरफ्तार कर लिया गया।”

बंसल ने बताया कि आरोपी को कड़कड़डूमा अदालत में पेश किया जाएगा और मुंबई पुलिस को ट्रांजिट रिमांड पर सौंप दिया जाएगा। मुंबई पुलिस की एक टीम दिल्ली में इस समय मौजूद है और उसे आरोपी की गिरफ्तारी के बारे में सूचित कर दिया गया है।

कुलकर्णी ने आईएएनएस से कहा, “एक संयुक्त अभियान में मुंबई और दिल्ली पुलिस ने मंसूर लतीफ शेख उर्फ अतीक को गिरफ्तार कर लिया है तथा आगे की जांच जारी है।”

उन्होंने आगे बताया कि अतीक को जहरीली शराब का मुख्य आपूर्तिकर्ता माना जा रहा है। वह मुंबई में ही शराब का अवैध कारोबार करता रहा है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पुलिस और गृह विभाग को निर्देश दिया है कि वे इस त्रासदी के लिए जिम्मेदार सभी लोगों के लिए मौत की सजा सुनिश्चित करें।

इससे पहले राज्य सरकार ने मुख्य सचिव एस. क्षत्रिय को मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493