मुंबई टेस्ट : इंग्लैंड की पारी से हार, भारत को श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त (राउंडअप)

मुंबई, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। अपने हरफनमौला खेल की बदौलत भारत ने वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए चौथे टेस्ट मैच के आखिरी और पांचवें दिन सोमवार को इग्लैंड को पारी और 36 रनों से हरा दिया। इस जीत के साथ मेजबान टीम ने पांच मैचों की श्रृंखला में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है।

भारत ने पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड पर 231 रनों की बढ़त ली थी। इंग्लैंड इस बढ़त को उतार नहीं पाया और अपनी दूसरी पारी में 55.3 ओवरों में 195 रनों पर ढेर हो गया।

इंग्लैंड ने चौथे दिन 182 रनों पर अपने छह विकेट गंवा दिए थे। रविवार को इंग्लैंड की ओर से आउट होने वाले बल्लेबाज एलिस्टर कुक (18), कीटन केंट जेनिंग्स (0), जोए रूट (77), मोईन अली (0), बेन स्टोक्स (18) और जैक बॉल (2) रहे। यहां से भारत की जीत निश्चित लग रही थी। अंतिम दिन उसे जीत के लिए चार विकेट की जरूरत थी। यह चारों विकेट अश्विन के नाम रहे।

अश्विन ने जॉनी बेयर्सटो (51) को पगबाधा कर इंग्लैंड को दिन का पहला और बड़ा झटका दिया। वह 185 के कुल स्कोर पर आउट हुए। चार रन बाद अश्विन ने क्रिस वोक्स को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। आदिल राशिद (2) और जेम्स एंडरसन (2) के रूप में गिरने वाले इंग्लैंड के अंतिम दो विकेट भी अश्विन के नाम रहे। इसके साथ ही मेहमान टीम की दूसरी पारी समाप्त हो गई।

यह भारत की लगातार पांचवीं श्रृंखला जीत है। इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट मैच में अश्विन ने कुल 12 विकेट अपने नाम किए।

यह सातवीं बार है जब अश्विन ने एक मैच में 10 से ज्यादा विकेट लिए हों। भारत की तरफ से उनसे ज्यादा एक मैच में 10 विकेट लेने का रिकार्ड टीम के मौजूदा मुख्य कोच अनिल कुंबले के नाम हैं। उन्होंने 132 मैचों में आठ बार यह कारनामा किया है।

वानखेड़े स्टेडियम में चौथे टेस्ट मैच की शुरुआत इंग्लैंड की बल्लेबाजी से हुई थी। उसने पहले बल्लेबाजी करते हुए पदार्पण मैच खेल रहे जेनिंग्स (112), जोस बटलर (76) और मोइन अली की बेहतरीन पारियों की मदद से अपनी पहली पारी में 400 रन बनाए थे।

इस पारी में अश्विन ने छह विकेट चटकाए थे जबकि रवींद्र जड़ेजा ने चार विकेट हासिल किए थे।

इंग्लैंड की पहली पारी में बनाए गए 400 रनों का मजबूत जवाब देते हुए कप्तान विराट कोहली (235), मुरली विजय (136) और जयंत यादव (104) की शानदार पारियों की मदद से भारत ने अपनी पहली पारी में 631 रन बनाते हुए 231 रनों की बढ़त ली, जिसे मेहमान टीम उतार नहीं पाई और मैच के साथ श्रृंखला भी गंवा बैठी।

इंग्लैंड के लिए भारत की पहली पारी में आदिल राशिद ने सबसे अधिक चार विकेट लिए जबकि मोइन अली तथा जोए रूट को दो-दो सफलता हासिल हुई, वहीं को दो और क्रिस वोक्स और जैक बॉल एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।

भारत की पहली पारी के दौरान कोहली ने टेस्ट करियर में 4000 और एक साल में 1,000 रन भी पूरे किए। वह भारत की तरफ से टेस्ट में एक साल में 1,000 रन बनाने वाले तीसरे कप्तान बन गए हैं।

इसके साथ ही दोहरा शतक लगाने के बाद कोहली एक साल में तीन बार दोहरा शतक लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी बन गए। इसके अलावा, हरियाणा के प्रतिभाशाली खिलाड़ी जयंत नौवें क्रम पर खेलते हुए भारत के लिए टेस्ट शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

भारतीय गेंदबाज जड़ेजा ने भी टेस्ट करियर में विकेटों का शतक पूरा किया। भारत के लिए टेस्ट मैचों में 100 या उससे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में जड़ेजा 20वें स्थान पर है, वहीं रवीचंद्रन अश्विन सातवें स्थान पर हैं। उन्होंने 43 मैचों में 241 विकेट लिए हैं।

श्रृंखला का राजकोट में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था जबकि विशाखापट्टनम और मोहली में खेले गए दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच में भारत ने जीत दर्ज की थी।

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला का अंतिम मैच चेन्नई में खेला जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493