मुंबई : पुलिसकर्मी ने वरिष्ठ को गोली मारी, मौत (लीड-1)

मुंबई, 3 मई (आईएएनएस)। मुंबई के वकोला पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक की रविवार को मौत हो गई, जिन्हें शनिवार रात उनके ही एक कनिष्ठ सहकर्मी ने गोली मार दी थी। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

मुंबई के उपनगर सांताक्रूज पूर्व स्थित वकोला थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विलास जोशी (53) और उनके सहायक उप-निरीक्षक दिलीप शिर्के के बीच ड्यूटी में गैरहाजिरी को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद शिर्के ने उग्र होकर अपने वरिष्ठ अधिकारी पर अपने सर्विस रिवॉल्वर से गोलियां चला दी।

जोशी का अंतिम संस्कार दक्षिण मुंबई के शवदाहगृह में रविवार किया जाना है।

जोशी को पेट, घुटने और हाथ में तीन गोलियां लगी थीं।

शिर्के ने जोशी को गोली मारने के बाद उनके अर्दली बाबासाहेब अहिर पर भी गोली चलाई थी, जो उसकी जांघ में लगी थी। अर्दली की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

घटनाक्रम के दौरान इससे पहले कि थाने में मौजूद दूसरे पुलिसकर्मी हरकत में आते, शिर्के ने खुद को भी गोली मार ली, अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता डीसीपी धनंजय कुलकर्णी ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि गंभीर रूप से घायल विलास को बांद्रा के लीलावती अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रविवार तड़के उनकी मौत हो गई।

पुलिस विभाग को झकझोर कर रख देने वाली सनसनीखेज घटना शनिवार रात 8.45 बजे घटी थी। मामले की जांच पुलिस की अपराध शाखा कर रही है।

शिर्के के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। वह सांताक्रूज पुलिस कॉलोनी में रहता था। साथी पुलिसकर्मी उसे बेहद गुस्सैल स्वभाव वाला बताते हैं।

मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के. एम. एम. प्रसन्ना और दूसरे शीर्ष अधिकारी मामले की जांच में अपराध शाखा का दिशानिर्देशन कर रहे हैं।

मारिया ने कहा कि माना जा रहा है कि जोशी, शुक्रवार रात ड्यूटी पर शिर्के की गैरहाजिरी को लेकर नाराज थे और उनके खिलाफ ड्यूटी रजिस्टर में तीन प्रवृष्टियां दर्ज कर दी थी।

जब शिर्के पुलिस थाने आया और रजिस्टर में अपने खिलाफ प्रवृष्टियां दर्ज देखी, तो गुस्से से आग बबूला हो गया और रात ड्यूटी के प्रभारी अधिकारी पर उत्पीड़न का आरोप लगाया। उसने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों पर भी उत्पीड़न का आरोप लगाया।

शनिवार रात 8.45 बजे शिर्के ने जोशी से मामले की शिकायत की, लेकिन जोशी ने उसके खिलाफ दर्ज प्रवृष्टियों को उचित बताकर उसकी बात खारिज कर दी।

इसके बाद दोनों पुलिसकर्मियों में जोरदार बहस हुई और उग्र शिर्के ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर निकालकर जोशी पर एक के बाद एक तीन गोलियां दाग दी। उसने चौथी गोली अर्दली अहिर पर चलाई।

थाने में मौजूद पुलिसकर्मी कुछ समझ पाते, इससे पहले शिर्के ने खुद के शरीर में भी दो गोलियां उतार दी। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493