मुंबई में अवैध शराब पीने से अबतक 20 मरे

मुंबई, 19 जून (आईएएनएस)। मुंबई के उपनगरीय इलाके मलाड में अवैध शराब पीने की घटना में सात अतिरिक्त मौतों के साथ इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 20 हो गई है।

पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि पांच व्यक्ति अभी भी विभिन्न अस्पतालों में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

इस घटना के संबंध में दो व्यक्तियों -राजू लंगड़ा और शंकर- को गिरफ्तार किया गया है। वे पास के ठाणे जिले के वसई-विरार इलाके से अवैध शराब के पैकेट लेकर आए थे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना के संबंध में जांच के आदेश दे दिए हैं और दो दिनों के अंदर रपट पेश करने को कहा है।

मृतकों में अधिकांश लक्ष्मी नगर झुग्गी से हैं और वे वाहन चालक या दिहाड़ी मजदूरी का काम करते हैं। इन सभी ने बुधवार रात राठोड़ी गांव के एक बार में देसी सस्ती शराब पी थी।

उनमें गुरुवार को जहर के लक्षण दिखने लगे और शुक्रवार सुबह से वे सभी उल्टी कर रहे थे और उनके पेट में दर्द और जलन हो रही थी। उनमें से कई बेहोश भी हो गए थे।

इसके बाद उनके परिवार वाले उन्हें स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन इनमें से कुछ की रास्ते में ही मौत हो गई। मृतकों में कई कर्नाटक के गुलबर्गा क्षेत्र से ताल्लुक रखते हैं।

गृह राज्य मंत्री रंजीत पाटील ने बताया कि मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

यह 23 दिसंबर, 2004 के बाद अवैध शराब से हुई मौत का पहला बड़ा मामला है। 2004 में विक्रोली और महालक्ष्मी इलाके में दो बारों में अवैध शराब पीने से 87 लोगों की मौत हो गई थी और 285 लोग बीमार हुए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493