मुंबई, 19 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई में जागरण फिल्मोत्सव के छठे संस्करण का आगाज फ्रांस की निर्देशक और अभिनेत्री इमैन्युएल बर्कट की फिल्म ‘स्टैंडिग टॉल’ से होगा।
इस फिल्म में छह साल के एक बिगड़ैल बच्चे के जीवन को दर्शाने गया है और इसके साथ पूरी किशोर न्याय प्रणाली पर भी प्रकाश डाला गया है।
एक बयान में कहा गया है कि इस फिल्मोत्सव का मुंबई संस्करण अंधेरी में 28 सितबंर से विदेशी फिल्म ‘स्टैंडिग टॉल’ के प्रदर्शन से शुरू होगा। इससे पहले इस फिल्म को 68वें कान्स अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में भी प्रदर्शित किया गया था।
महोत्सव के रणनीतिक सलाहकार मनोज श्रीवास्तव का कहना है कि ‘स्टैंडिग टॉल’ से महोत्सव की शुरुआत सही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि यहां किस तरह की प्रस्तुतियां पेश की जानी हैं।
जागरण फिल्म महोत्सव दिल्ली सहित देशभर के 15 शहरों- कानपुर, लखनऊ, इलाहाबाद, वाराणसी, आगरा, मेरठ, देहरादून, हिसार, लुधियाना, पटना, रांची, जमशेदपुर, रायपुर, इंदौर और भोपाल का सफर करते हुए मुंबई पहुंचा है। इस महोत्सव का समापन मुंबई में 4 अक्टूबर को होगा।
dharmpath.com dharmpath