मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। मुंबई में शनिवार को मानसून पूर्व बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से तो राहत दिलाई, लेकिन साथ ही इसके कारण मुंबई की जीवन रेखा कहलाने वाली उपनगरीय रेल सेवाएं भी बाधित हुईं।
पहली बेमौसम बारिश के बाद घाटकोपर के पास मध्य रेलवे की तारों में तकनीकी खराबी के कारण स्थानीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, जिसके कारण शनिवार को यात्री समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंच पाए।
शुक्रवार रात भी ऐसी ही एक तकनीकी खराबी के कारण सानपाड़ा के निकट विक्रोली और हार्बर लाइन के पास मध्य रेलवे की सेवा प्रभावित हुई, जिसके चलते शाम को घर जाने के लिए निकले यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी।
मुंबई के बड़े हिस्सों में शुक्रवार रात से बिजली और गरज के साथ तेज हवाएं चल रही हैं। शनिवार सुबह तक भी कई इलाकों में हल्की बूंदा-बांदी जारी रही।
मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में साप्ताहांत में बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है।
मुंबई का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि वातावरण में आद्र्रता का स्तर 70 प्रतिशत रहा।
पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र के कई हिस्सों में आंधी और गरज के साथ मानसून पूर्व बारिश हो रही है और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई है।
आमतौर पर मुंबई में 10 जून से मानसून आता है।
dharmpath.com dharmpath