मुंबई-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने इंडिया इंटरनेशनल मूवमेंट टू यूनाइट नेशंस (IIMUN) के एक विशेष कार्यक्रम में Gen Z और Gen Alpha के करीब 2 हजार छात्रों से संवाद किया. देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इसे सीखने, प्रेरणा लेने और अपने विचारों को मजबूत करने का बेहतरीन अवसर बताया.
कार्यक्रम में शामिल छात्रा आर्ना ने कहा कि वह इस आयोजन को लेकर काफी उत्साहित थीं. उन्होंने पहले भी कई मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) कार्यक्रमों में हिस्सा लिया है, लेकिन इतने बड़े स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में पहली बार शामिल होने का मौका मिला. उन्होंने बताया कि पहली बार मोहन भागवत को सामने से सुनने का अवसर मिला, जो उनके लिए यादगार अनुभव रहा.
एक अन्य छात्रा तन्वी ने कहा कि उन्हें सार्वजनिक रूप से बोलना हमेशा से पसंद रहा है. उन्होंने बताया कि मोहन भागवत के कई भाषण पहले ऑनलाइन सुने थे, लेकिन इस बार उन्हें आमने-सामने सुनने का मौका मिला. उनके अनुसार, जब युवा सीधे नेतृत्व से बातचीत करते हैं तो उन्हें अलग-अलग विषयों को समझने का नया नजरिया मिलता है.
कार्यक्रम में मौजूद अन्विता शिवशंकर ने भी अपना अनुभव साझा किया. उन्होंने बताया कि वह लंबे समय से IIMUN से जुड़ी हुई हैं और अब चैंपियनशिप राउंड तक पहुंचना उनके लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि कम उम्र में प्रतिष्ठित वक्ताओं को सुनने और उनसे सीखने का अवसर मिलना हर छात्र के लिए खास अनुभव होता है.
dharmpath.com dharmpath