मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। मुंबई के अंधेरी उपनगर के एक मेडिकल स्टोर में गुरुवार को आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई। इसमें तीन नवजात शामिल हैं।
बृहनमुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा नियंत्रण अधिकारी ने बताया कि एक दमकलकर्मी सहित अन्य तीन लोग घायल हैं, जिसमें से एक महिला की हालत गंभीर है।
वफा मेडिकल एंड जनरल स्टोर में लगी आग का कारण अभी अस्पष्ट है, लेकिन यह इतनी भीषण थी कि इसमें मेडिकल स्टोर के ऊपर रह रहे दो परिवारों के आठ लोगों की मौत हो गई।
आपदा नियंत्रण विभाग के मुताबिक, छह लोगों की मौत दम घुटने से हुई। जबकि, दो लोगों की मौत बुरी तरह से जलने से हुई।
घायलों को जुहू में पास ही के कॉपर अस्पताल ले जाया गया जबकि दो अन्य को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। एक महिला सोफिया खान (28) 40 प्रतिशत तक जल गई हैं।
यह मेडिकल स्टोर अंधेरी पश्चिम में जुहू गली के एक चॉल में स्थित है। इसमें आग सुबह 6.15 बजे के आसपास लगी।
अधिकारी ने बताया कि आग लगने के एक घंटे बाद इस पर काबू पाया गया।
मृतकों में हुसैन खान (आठ महीने), तुबाह खान और अल्तामस खान (दोनों की उम्र तीन महीने), शगुन एन. खान (52), सिद्दीक खान (35), राबिल खान (28), उमी हामी खान (5) और अलीजा खान (4) शामिल हैं।
आपदा नियंत्रण विभाग के मुताबिक, इस घटना में दमकलकर्मी अविनाश के. सिंघानकर (45) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
dharmpath.com dharmpath