मुंबई, 9 जनवरी (आईएएनएस)। बांद्रा बैंडस्टैंड पर शनिवार को पिकनिक मनाने आई और उस दौरान अपने मोबाइल फोन से सेल्फी खींचते समय एक छात्रा अरब सागर में गिर गई और उसे बचाने की कोशिश में एक युवक भी पानी में कूद पड़ा। दोनों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है।
छात्रा का नाम तरन्नुम है। वह उपनगर बांद्रा के बैंडस्टैंड समुद्र तट पर सेल्फी उतार रही थी। इसी दौरान चिकनी चट्टान से उसके पैर फिसल गए और वह समुद्र में जा गिरी। उसकी दो सहेलियों की चीख सुनकर स्थानीय युवक राजेश वलुंज उसे बचाने के लिए उफनती लहरों के बीच कूद गया।
पुलिस, अग्नि शमन विभाग और वर्ली के मछुआरे राजीव गांधी वर्ली समुद्री संपर्क के इलाके के नजदीक दोनों की तलाशी अभियान में मदद कर रहे हैं, लेकिन शनिवार दोपहर तक दोनों में से किसी का भी पता नहीं चल पाया।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आर. धवले ने संवाददाताओं को बताया कि गोवंडी उपनगर स्थित बैंगनवाड़ी से कॉलेज की तीन छात्राएं साप्ताहांत में पिकनिक मनाने बांद्रा आई थीं।
धवले ने कहा कि उन्हें लगता है कि तरन्नुम, जो तट से लगभग 50 मीटर दूर समुद्र में थी, और उसे बचाने के लिए समुद्र में कूदे वलुंज, को लहरें अपने साथ दूर बहा ले गईं।
dharmpath.com dharmpath