मुंबई हवाईअड्डे के ऊपर उड़ने वाली वस्तु गुब्बारे, 2 गिरफ्तार

मुंबई, 26 मई (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने छत्रपति शिवाजी अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डे के ऊपर संदिग्ध वस्तुओं के उड़ने से संबंधित रहस्य की गुत्थी मंगलवार को सुलझा ली। हवाईअड्डे के ऊपर उड़ रही ये संदिग्ध वस्तुएं गुब्बारे थे, जिन्हें विज्ञापन की दृष्टि से छोड़ा गया था। इस संबंध में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

ये दोनों लोग एक आयोजन प्रबंधन (इवेंट मैनेजमेंट) कंपनी में कार्यरत हैं और इन पर शनिवार शाम को मुंबई हवाईअड्डे पर कम से कम चार से पांच गुब्बारे छोड़ने का आरोप है। इन वस्तुओं के देखे जाने के बाद संशय का माहौल बन गया था। जेट एयरवेज के पायलट ने उड़ान भरने से पूर्व सबसे पहले इन्हें देखा और प्रशासन को इसकी सूचना दी।

पुलिस अधिकारी ने कहा, “हमने इन लोगों के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं कि क्या अति सुरक्षा क्षेत्र में इन गुब्बारों को छोड़ने के लिए उचित अनुमति मिली थी।”

गौरतलब है कि इन गुब्बारों को अज्ञात उड़न तश्तरियां (यूएफओ) समझ लिया गया था, जिसके बाद कई सुरक्षा एजेंसियों ने इसकी जांच शुरू कर दी थी। इन गुब्बारों को हीरा निर्यात कंपनी ने विज्ञापन रणनीति के तहत छोड़ा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493