बाकु (अजरबैजान), 21 जून (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज मनोज कुमार ने 64 किलोग्राम वर्ग में और सुमित सांगवान ने 81 किलोग्राम वर्ग में विश्व क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में मंगलवार को अपने-अपने मुकाबले जीत अगले दौर में प्रवेश कर लिया है।
मनोज ने बुल्गारिया के स्मेटोव अयरिन स्मेटोव को 2-1 से हराया, जबकि सुमित ने मंगोलिया के सांडाग्सुरेन इरडेनेबयार को 3-0 से मात दी। अगर यह दोनों खिलाड़ी गुरुवार को होने वाले क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीत जाते हैं, तो ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई कर जाएंगे।
विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाले विकास कृष्ण 75 किलोग्राम प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने सोमवार देर रात जापान के टाकाहाशी माकोटो को 3-0 से हराया।
मनोज ने पहले दौर में काफी संघर्ष किया, लेकिन वह हार गए। उन्होंने अगले दो दौर में वापसी करते हुए जीत हासिल की।
वह अंतिम आठ में तजाकिस्तान के रखिमोव शवकटजोन से भिड़ेंगे। रखिमोव ने बहरीन के विलियम्स राशील्ड को हराया।
सुमित ने इरडेनेबयार के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला रूस के पेट्र खामुकोव से होगा।
dharmpath.com dharmpath