मुक्केबाज मनोज और विकास को मिला ओलम्पिक कोटा

बाकू, 23 जून (आईएएनएस)। भारतीय मुक्केबाज मनोज कुमार (64 किग्रा) और विकास कृष्ण यादव (75 किग्रा) ने यहां जारी विश्व ओलम्पिक क्वालीफाईंग टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में गुरुवार को शानदार जीत के साथ रियो ओलम्पिक का टिकट हासिल कर लिया है।

अब ओलम्पिक में हिस्सा लेने वाले भारत के तीन मुक्केबाज हो गए हैं। इससे पहले शिव थापा ने 56 किलोग्राम वर्ग में बीते साल एशिया व ओसेनिया क्वालीफायर्स के माध्यम से ओलम्पिक कोटा हासिल किया था।

मनोज ने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के राखिमोव एस. को 3-0 से हराया। अब सेमीफाइनल में उनका सामना ब्रिटेन के मौजूदा यूरोपीयन चैम्पियन पैट मैककॉरमाक से होगा।

इससे पहले, विकास ने दक्षिण कोरिया के ली डोंगयुन को हराते हुए ओलम्पिक सीट हासिल किया। विकास ने अपने बयान में कहा, “मैं इस सफलता से बेहद खुश हूं। मेरे लिए यहां तक पहुंचने का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। अब मैं ओलम्पिक में अपना सबसे अच्छा प्रदर्शन करूंगा।”

विकास एआईबीए प्रो बॉक्सिंग सीरीज में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय हैं। वह इसमें दो मुकाबले खेल चुके हैं और अब वह पेशेवर मुक्केबाजों के लिए होने वाले ओलम्पिक क्वालीफायर में भी हिस्सा ले सकते हैं। विकास ने पहले ही साफ कर दिया कि अगर वह बाकू में ओलम्पिक का टिकट हासिल करते हैं तो वह अनुभव और ओलम्पिक की तैयारी के मद्देनजर वेनेजुएला में होने वाले पेशेवर ओलम्पिक क्वालीफाईंग में हिस्सा लेंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493