नई दिल्ली, 30 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को यहां बुधवार को भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती किया गया है। एक सप्ताह पूर्व उन्हें तेज बुखार और मधुमेह से जुड़ी समस्याओं के कारण अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
एम्स के प्रवक्ता अमित गुप्ता ने बुधवार को बताया, “मुफ्ती मोहम्मद सईद को एम्स के एबी8 आईसीयू में भर्ती कराया गया है।”
उन्होंने बताया, “सईद अभी भी बीमार हैं और उन्हें ऑक्सीजन थेरेपी की जरूरत है, लेकिन वह होश में हैं और उनकी हालत स्थिर है।”
प्रवक्ता के मुताबिक, विशेषज्ञों के एक दल की देखरेख में सईद का उपचार किया जा रहा है और उन्हें एंटी बायोटिक, एंटी फंगल और अन्य अनुपूरक चिकित्सा दी जा रही है।
79 वर्षीय सईद को 24 दिसम्बर को बुखार से पीड़ित होने के कारण जम्मू एवं कश्मीर से दिल्ली लाया गया था।
सईद मधुमेह के रोगी हैं और वह एम्स में हर महीने नियमित जांच के लिए आते रहते हैं।
हालांकि, उनकी हालत बिगड़ने के कारण उन्हें एम्स में दाखिल किया गया। उनके स्वास्थ्य पर नजर रखने के लिए अस्पताल के एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के अशरफ गनई के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई है।
dharmpath.com dharmpath