गुवाहाटी, 24 मई (आईएएनएस)। असम के नए मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को राज्य को गरीबी से मुक्त करने और ऐसी सरकार चलाने का वादा किया, जो जाति, पंथ और धर्म के भेदभाव के बिना समाज के हर वर्ग की सेवा करेगी।
सर्बानंद सोनोवाल ने मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के बाद अपने पहले भाषण में कहा, “हम सभी को मिलकर काम करना है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), असम गण परिषद (अगप) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) समाज के सभी वर्गो, असमिया, बंगाली, राभा, मारवाड़ी और अन्य सभी के लिए काम करने की शपथ के साथ जनता के पास गए थे। जनता ने हम पर अपना भरोसा जताया है।”
सोनोवाल ने कहा, “असम में हर वर्ग के लोग रहते हैं। ईश्वर की अराधना के हमारे तरीके में भले ही फर्क हो, लेकिन हम सदियों से साथ रहे हैं।”
राज्य में भाषाई विभाजन के मुद्दे पर बात करते हुए सोनोवाल ने कहा, “हमारी सरकार बराक घाटी से लेकर बह्मपुत्र घाटी तक समाज के सभी वर्गो के साथ काम करेगी।”
असम के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले दो सालों में विकास और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध एक समावेशी केंद्र सरकार चलाई है।
सोनोवाल ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) के जमीनी कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत और महान त्याग की भी प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोनोवाल से पहले भाषण दिया, जिसमें उन्होंने राज्य के दूसरे जनजातीय मुख्यमंत्री सोनोवाल की ‘साफ-सुथरी छवि और शालीनता’ की प्रशंसा की।
dharmpath.com dharmpath