मुख संक्रमण से हृदय रोग का खतरा

न्यूयॉर्क, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। दांतों की अच्छी तरह देखभाल दिल से संबंधित बीमारियों से आपको दूर रखता है। एक नए अध्ययन में यह खुलासा हुआ है।

शोध के दौरान यह खुलासा हुआ है कि जीवाणुओं के कारण होने वाले मुंह के संक्रमण का संबंध दिल की बीमारियों से है।

मुंह का सबसे आम संक्रमण कैविटी और मसूढ़ों का रोग जैसे जिंजिवाइटिस तथा पेरियोडोंटाइटिस है, जो धीरे-धीरे दांतों की जड़ों को कमजोर कर देता है।

हार्वर्ड स्कूल ऑफ डेंटल मेडिसिन से संबद्ध फॉर्सिथ इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ लेखक थॉमस वान डिके ने कहा, “मुख संक्रमण बेहद व्यापक है और यह भविष्य में हृदय संबंधी बीमारियों का कारण बन सकता है। सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है।”

अध्ययन के मुताबिक, सूजन मुख संक्रमण जैसे पेरियोडॉन्टाइटिस तथा हृदय रोगों में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है।

अध्ययन के लिए शोधकर्ताओं ने वर्तमान चिकित्सा सबूतों की समीक्षा की, जिसमें यह बात निकलकर आई कि मुख संक्रमण तथा हृदय रोग के बीच गहरा संबंध है।

शोधकर्ताओं ने हालांकि यह चेतावनी दी कि सूजन कम करने वाली दवाओं से दिल से संबंधित बीमारी होने का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए इसके लिए एक वैकल्पिक चिकित्सा लेना फायदेमंद होगा।

यह अध्ययन पत्रिका ‘ट्रेंड्स इन इंडोक्रायनोलॉजी एंड मेटाबॉलिज्म’ में प्रकाशित हुआ है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493