श्रीनगर, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने श्रीनगर के निचले इलाकों का मंगलवार को दौरा किया। उनके दौरे के ठीक बाद यहां विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया और कुछ युवकों ने सुरक्षा बलों पर पथराव किया और आजादी के समर्थन में नारे लगाए।
मुख्यमंत्री की यात्रा के मद्देनजर इलाके में सुरक्षा बंदोबस्त कड़े कर दिए गए थे और सैकड़ों पुलिसकर्मियों और अर्धसैनिक बल के जवानों को तैनात किया गया था।
मुफ्ती ने नौहट्टा में एक विवाह समारोह स्थल का उद्घाटन किया, लेकिन जैसे ही वह वापस लौटे दर्जनों की संख्या में युवक विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क पर उतर आए और सुरक्षा बलों के साथ उनकी झड़प भी हुई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “प्रदर्शनकारियों ने आज (मंगलवार) शहर के पुराने इलाके में गोजवारा चौक और गनी चौक के नजदीक तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव किया और आजादी के समर्थन में नारे लगाए।”
उन्होंने कहा, “हालांकि दोनों जगहों पर विरोध प्रदर्शन होने से पहले मुख्यमंत्री वहां से जा चुके थे।”
dharmpath.com dharmpath