मुम्बई, 3 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब मुम्बई एफसी ने शुक्रवार को कहा कि फ्रांस के निकोलस एनेल्का आईएसएल के दूसरे संस्करण में उसके लिए दोहरी भूमिका अदा करेंगे। एनेल्का को खिलाड़ी और मैनेजर की जिम्मेदारी दी गई है।
आईएसएल का दूसरा संस्करण अक्टूबर में शुरू होगा। बीते संस्करण में एनेल्का ने दोहरी भूमिका निभाई थी। वह मार्की खिलाड़ी और मैनेजर के तौर पर टीम के साथ थे। इससे पहले वह 2012 में चीनी क्लब शंघाई शेनहुआ के लिए भी मार्की खिलाड़ी और मैनेजर के तौर पर खेले थे।
आईएसएल के पहले संस्करण में एनेल्का ने दो गोल किए थे और साथ ही साथ दो गोल करने में अपने साथियों की मदद की थी।
अपने देश के लिए 68 अंतर्राष्ट्रीय मैच खेलने वाले एनेल्का ने इस भूमिका को स्वीकार किया है और कहा है कि उनके लिए यह दोहरी जिम्मेदारी है, जिसे निभाने का वह पूरा प्रयास करेंगे।
एनेल्का को दुनिया के बेहतरीन फुटबाल खिलाड़ियों में एक माना जाता है। वह 500 से अधिक क्लब मैच खेल चुके हैं। उन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान आर्सेनल, चेल्सी, मैनचेस्टर सिटी, रियल मेड्रिड, लीवरपूल और युवेंतस जैसे पेशेवर क्लबों को सेवाएं दी हैं।
dharmpath.com dharmpath