लखनऊ, 21 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को अखिलेश सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया। उन्होंने अखिलेश की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार ने इस परियोजना को तय समय सीमा के भीतर पूरा कर बहुत अच्छा काम किया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने काफी काम किए हैं। गांव, गरीबों व किसानों के हितों का भी ख्याल रखा गया है और महिलाओं के लिए ज्यादा सोचने तथा काम करने की जरूरत है।
मुलायम ने कहा, “हमने अखिलेश से कहा था कि एक्सप्रेस-वे का उदघाटन कब होगा। काफी खुशी है कि जो समय उन्होंने दिया था उसके भीतर यह बनकर तैयार हो गया। आगरा से लखनऊ तक 302 किलोमीटर लम्बी सड़क बनकर तैयार हो गई। मुझे याद नहीं कि इतने कम समय में कहीं और इतनी लंबी सड़क बनकर तैयार हुई है।”
अखिलेश सरकार को बधाई देते हुए मुलायम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पिछले चार वषरें के दौरान काफी विकास हुआ है।
समारोह में रोचक बात यह रही है कि समाजवादी कुनबे में अंतर्कलह के बावजूद सपा के तमाम दिग्गज एक मंच पर दिखाई दिए। मंच पर मुलायम और अखिलेश के अतिरिक्त सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव भी मौजूद थे। इस दौरान शिवपाल ने रामगोपाल के पैर छू कर आशिर्वाद लिया।
इस मौके पर शिवपाल ने कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में आगरा-लखनऊ एक्स्प्रेस-वे के रूप में एक ऐतिहासिक काम हुआ है।
इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे समाजवादी सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना थी जिसका वादा सपा के चुनावी घोषणा पत्र में किया गया था। उन्होंने इस वादे को पूरा कर नेताजी (मुलायम सिंह) को एक बड़ा तोहफा दिया है।
अखिलेश ने कहा कि समाजवादियों की सरकार में जितना विकास हुआ उतना कहीं भी नहीं हुआ। सड़कें जितनी अच्छी बनेंगी, अर्थव्यवस्था की रफ्तार उतनी ही तेज होगी और निवेश भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेताजी ने एक्सप्रेस-वे का निर्माण तय समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा था, जिसे उन्होंने पूरा करके दिखा दिया। इसके बाद अब लखनऊ -बलिया के बीच समाजवादी एक्सप्रेस-वे बनने का काम पूरा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सपा ने विकास के बहुत काम किए हैं। लखनऊ में जल्द ही मेट्रो रेल सेवा की शुरुआत हो जाएगी। सपा सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना लागू की। लाखों लोगों को इसका लाभ मिल रहा है। छात्रों को लैपटॉप दिए गए। विकास के मामले में उप्र अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल बन रहा है।
अखिलेश ने कहा कि उन्होंने ऐसा एक्सप्रेस-वे बनाया है, जहां मुसीबत के समय हवाई जहाज भी उतारे जा सकते हैं। यह सड़क हमेशा देश के काम आएगी।
समारोह के दौरान सांसद जया बच्चन और मुख्यमंत्री अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी मौजूद थीं।
मुख्यमंत्री ने रविवार को हुए ट्रेन हादसे के कारण इस मौके पर आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए।
उल्लेखनीय है कि लखनऊ -आगरा के बीच छह लेन वाले एक्सप्रेस-वे पर उन्नाव में हवाई पट्टी बनी है, जहां जरूरत पड़ने पर लड़ाकू विमान भी उतारे जा सकते हैं। यह हवाई पट्टी तीन किलोमीटर लंबी है।
एक्सप्रेस-वे परियोजना के लिए 10 जिलों के 232 गांवों में लगभग 3,500 हेक्टेयर भूमि 30,456 किसानों की सहमति से खरीदी गई। जमीन के लिए भुगतान को छोड़कर परियोजना की अनुमानित लागत 11526.73 करोड़ रुपये तय की गई थी।
इससे पहले इससे पहले प्रमुख सचिव (अवस्थापना) रमारमण ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि एक्सप्रेस वे का निर्माण सिर्फ 23 महीने में पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी परियोजना के पूरा होने में आम तौर पर पांच वर्ष का समय लगता है। एक्सप्रेस-वे को छह से आठ लेने में भी परिवर्तित किया जा सकता है।
dharmpath.com dharmpath